UP Politics 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन सियासी दलों ने चुनावी माहौल तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। जमीन पर संगठन मजबूत करने के साथ सोशल मीडिया अब राजनीतिक रणनीति का बड़ा हिस्सा बन चुका है। बीजेपी समर्थक डिजिटल नेटवर्क में योगी आदित्यनाथ की मजबूत प्रशासक वाली छवि, कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी योजनाओं को प्रमुखता दी जा रही है। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी भी अपने सामाजिक समीकरण और सरकार के खिलाफ मुद्दों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार उठा रही है। यानी चुनावी प्रचार भले अभी पूरी तरह मैदान में नहीं उतरा हो, लेकिन नैरेटिव की लड़ाई शुरू हो चुकी है।
बीजेपी समर्थक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर योगी सरकार के कार्यकाल को विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था के साथ जोड़कर पेश किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, कल्याणकारी योजनाओं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दे पोस्ट, वीडियो और रील्स के जरिए लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। बुलडोजर कार्रवाई को भी सरकार की सख्त प्रशासनिक छवि का प्रतीक बनाकर पेश किया जा रहा है।
UP Politics 2027
बीजेपी समर्थक सोशल मीडिया सामग्री में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को लेकर सबसे ज्यादा आक्रामक राजनीतिक संदेश दिखाई दे रहे हैं। अखिलेश को निशाना बनाते हुए ‘टीपू’ जैसे संबोधन का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई वीडियो और कार्टून में उनके कार्यकाल को अपराध, माफिया और कानून-व्यवस्था से जोड़ने की कोशिश की गई है। कुछ कंटेंट में समाजवादी पार्टी की वापसी को पुराने दौर की वापसी के तौर पर दिखाया गया है।
हो रही सियासी चोट
डिजिटल कैंपेन अब सिर्फ पारंपरिक पोस्टर और भाषण तक सीमित नहीं हैं। विरोधियों पर निशाना साधने के लिए लोकप्रिय गीतों की तर्ज पर नए बोल तैयार किए जा रहे हैं। कुछ वीडियो में अखिलेश यादव को लेकर ऐसे गीत इस्तेमाल किए गए हैं, जिनमें उनकी पिछली सरकार पर माफिया संरक्षण, दंगों और महिला सुरक्षा जैसे आरोप लगाए जाते हैं। इस तरह राजनीतिक संदेश को मनोरंजन के अंदाज में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है। डिजिटल गतिविधियों के विश्लेषण में बीजेपी से जुड़े या उसके राजनीतिक संदेशों को आगे बढ़ाने वाले कई प्रमुख सोशल मीडिया पेज सामने आए हैं। इनका संयुक्त फॉलोअर बेस लाखों में है। इनमें कुछ पुराने प्लेटफॉर्म हैं, जबकि कई पेज हाल के महीनों में बनाए गए हैं। इससे संकेत मिलता है कि चुनाव से काफी पहले डिजिटल स्तर पर नया राजनीतिक इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म संख्या में भले कम दिखाई देते हों, लेकिन कई पुराने और बड़े अकाउंट के पास मजबूत दर्शक वर्ग है। पार्टी समर्थक कंटेंट में पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण को प्रमुखता दी जा रही है। साथ ही सरकार की नीतियों और बीजेपी के राजनीतिक दावों पर सवाल उठाने वाली सामग्री भी लगातार प्रसारित हो रही है।
चुनावी प्रचार अब गेम तक पहुंचा
सबसे दिलचस्प बदलाव यह है कि राजनीतिक संदेशों को अब ऑनलाइन गेम के रूप में भी पेश किया जा रहा है। बीजेपी समर्थक नैरेटिव से जुड़े कुछ गेम में बुलडोजर चलाने से लेकर अपराधियों को निशाना बनाने और योगी आदित्यनाथ से जुड़े सवालों के जवाब देने तक की गतिविधियां शामिल हैं। इस तरह कानून-व्यवस्था और सरकार की छवि को मनोरंजन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सोशल मीडिया के साथ चुनावी वेबसाइटों का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है। कुछ प्लेटफॉर्म 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की तस्वीर दिखाकर अपराध, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे उठाते हैं, जबकि दूसरे प्लेटफॉर्म योगी सरकार के दौरान हुए विकास और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हैं। कांग्रेस समर्थक डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर से राहुल गांधी के भाषणों में किए गए दावों पर दस्तावेजों के साथ सवाल उठाने का अभियान भी चलाया जा रहा है।
नैरेटिव की निर्णायक लड़ाई
उत्तर प्रदेश की डिजिटल राजनीति अब सिर्फ पोस्ट और रील्स तक सीमित नहीं रह गई है। राजनीतिक दल और उनके समर्थक वीडियो, मीम, वेबसाइट, गेम और एआई आधारित कंटेंट के जरिए मतदाताओं की धारणा प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनावी तारीख आने में अभी समय है, लेकिन बीजेपी और विपक्ष के बीच डिजिटल मुकाबला पहले ही तेज हो चुका है। आने वाले महीनों में यही ऑनलाइन नैरेटिव जमीन पर होने वाली राजनीतिक लड़ाई को दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकता है।






