UP News : महाशिवरात्रि के अवसर पर जहां गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल था, वहीं एक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। औंग थाना क्षेत्र के बनियनखेड़ा गांव में आयोजित भंडारे के दौरान खौलती खीर से भरे भगौने में गिरने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। परिवार का इकलौता चिराग बुझ जाने से घर में कोहराम मचा है।
गांव में हर साल की तरह इस बार भी भंडारे का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब दो बजे से पूड़ी-सब्जी और खीर का वितरण शुरू हुआ। हलवाइयों ने गैस चूल्हे पर खीर तैयार की और उसे बड़े भगौने में निकालकर वितरण स्थल पर रख दिया।
UP News: भंडारे में दर्दनाक हादसा
बताया जा रहा है कि भगौने को ढक्कन से ढकने के बजाय कपड़े से ढका गया था। इसी दौरान गांव के महेंद्र लोधी का दस वर्षीय बेटा आर्यन प्रसाद लेने पहुंचा और अचानक संतुलन बिगड़ने से सीधे खौलती खीर में जा गिरा। बच्चे की चीख सुनते ही वहां मौजूद लोग घबरा गए। तुरंत उसे भगौने से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसका शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गर्म खीर से शरीर की त्वचा तक उधड़ गई थी। मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन और आयोजक बिना देर किए उसे इलाज के लिए कानपुर लेकर रवाना हुए।
कानपुर में तोड़ा दम
गंभीर हालत में बच्चे को पहले एलएलआर अस्पताल, कानपुर ले जाया गया। हालत नाजुक देख उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन देर रात शव लेकर गांव लौट रहे थे। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
औंग थाने के प्रभारी रमा शंकर सरोज ने बताया कि बच्चे के झुलसने की सूचना मिली थी। परिजन इलाज के लिए कानपुर गए थे, जहां मौत की खबर आई है। फिलहाल, थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हादसे ने आयोजन में सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More : Bangladesh Election 2026: ममता बनर्जी ने रहमान को भेजे मिठाई




