UP News : मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। साथ ही काम पूरा होते ही सड़कों और गड्ढों को तुरंत भरना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर जाकर हालात का जायजा लें। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि जहां भी खुदाई हुई है, वहां समय पर मरम्मत का काम पूरा हो।
UP News
किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने चेतावनी दी है कि काम अधूरा छोड़ने या समय पर पूरा न करने वाले ठेकेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने के साथ-साथ संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। इससे परियोजनाओं में जवाबदेही तय करने की कोशिश की जा रही है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जल आपूर्ति, लीकेज या खुदाई से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। इसके लिए जल समाधान पोर्टल को सक्रिय रखते हुए हर शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
टोल फ्री नंबर से मिलेगी मदद
जल जीवन मिशन से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए लोगों को टोल फ्री नंबर 18001212164 पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। इससे आम नागरिक सीधे अपनी समस्या प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं और उसका समाधान भी जल्दी हो सकेगा। Jal Jeevan Mission के तहत उत्तर प्रदेश में तेजी से काम किया जा रहा है। अब तक करीब 2.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन दिया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य हर घर तक साफ पानी पहुंचाना है।
बुंदेलखंड और विंध्य में बेहतर प्रगति
प्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में इस योजना के तहत लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। इन इलाकों में पानी की समस्या को देखते हुए सरकार ने विशेष ध्यान दिया, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। सरकार का कहना है कि जल जीवन मिशन के काम को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। साफ पानी की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
Read More : UP में आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ा फैसला, मिली मजबूती





