UP Rahveer Yojana : राज्य में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। आंकड़े बताते हैं कि अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत केवल इसलिए हो चुकी है क्योंकि उन्हें समय रहते अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। विशेषज्ञ मानते हैं कि इनमें से बड़ी संख्या में जानें बच सकती थीं, अगर घायल को तुरंत इलाज मिल जाता।
हादसे के बाद सड़क पर तड़पते घायल को देखकर भी कई लोग रुकने से बचते हैं। पुलिस की पूछताछ, कोर्ट-कचहरी के चक्कर और अनावश्यक कानूनी झंझट का डर होता है। यही डर कई बार इंसानियत पर भारी पड़ जाता है और घायल की जान चली जाती है।
UP Rahveer Yojana
इसी मानसिकता को बदलने के लिए सरकार ने ‘राहवीर योजना’ लागू की है। इस योजना के तहत जो भी व्यक्ति मोटर वाहन दुर्घटना में घायल को गोल्डन आवर यानी हादसे के तुरंत बाद के अहम समय में अस्पताल पहुंचाएगा, उसे 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कैसे होगा राहवीर का चयन
उप संभागीय परिवहन अधिकारी आरसी भारतीय के अनुसार, घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति का चयन स्वास्थ्य विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से करेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बनी समिति अंतिम फैसला लेगी कि कौन व्यक्ति ‘राहवीर’ पुरस्कार का हकदार है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से लोगों का डर टूटेगा और सड़क हादसों में होने वाली मौतों का आंकड़ा कम होगा।
Read More : Student News: रूस का भारतीय छात्रों को तोहफा, बिना एंट्रेंस एग्जाम के मिलेगी स्कॉलरशिप; जानें कैसे





