Tamil Nadu Politics : चेन्नई में तमिलनाडु विधानसभा के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़ी कथित फाइलों को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए उनसे पूर्व डीएमके सरकार से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की फाइलें सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर इन मामलों में पुख्ता सबूत हैं तो सरकार को संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री के फाइलें उचित समय पर सार्वजनिक करने वाले बयान पर तंज कसा।
उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के सबूत सामने रखने के लिए अपने ज्योतिषी से तारीख तय होने का इंतजार कर रहे हैं। उदयनिधि ने कहा कि अगर सरकार के पास आरोपों से जुड़े ठोस दस्तावेज हैं तो उन्हें सामने लाने में देरी नहीं होनी चाहिए।
Tamil Nadu में घमासान
विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि विधानसभा जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा का मंच है। उन्होंने विजय से कहा कि सदन में सिनेमा की तरह पंच डायलॉग बोलने के बजाय कथित भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेज और तथ्य सामने रखे जाने चाहिए। उदयनिधि ने कहा कि सरकार को कथित भ्रष्टाचार की फाइलें तत्काल सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन मामलों में पर्याप्त सबूत मौजूद हैं तो मुख्यमंत्री उन्हें सामने लाने से क्यों बच रहे हैं। उनके मुताबिक, आरोप लगाने के बजाय दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरकार का किया बचाव
सदन में मुख्यमंत्री विजय ने उदयनिधि की टिप्पणियों का सीधे जवाब नहीं दिया। हालांकि, स्कूल शिक्षा मंत्री ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध हैं। मंत्री के अनुसार, कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलें उचित समय पर सार्वजनिक की जाएंगी। दरअसल, बीते बुधवार को मुख्यमंत्री विजय ने दावा किया था कि उनके पास तीन सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलें हैं।
उन्होंने डीएमके के पूर्व मंत्रियों और विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे उन्हें फाइलें खोलने के लिए मजबूर न करें। विजय ने कहा था कि इन मामलों से जुड़े निष्कर्ष उचित समय पर सार्वजनिक किए जाएंगे। इसी बयान के बाद उदयनिधि स्टालिन ने सरकार से फाइलें तुरंत सार्वजनिक करने की मांग उठाई है।
Read More : US-Canada के बीच बढ़ा तनाव, ट्रंप के 50% टैरिफ पर भड़के PM कार्नी; दिया करारा जवाब




