Trum Govt : अमेरिका में नौकरी कर रहे विदेशी नागरिकों के लिए वर्क परमिट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने रोजगार अनुमति दस्तावेज (EAD) के नवीनीकरण पर मिलने वाले अधिकतम 540 दिनों के ऑटोमैटिक एक्सटेंशन को समाप्त करने का फैसला किया है। इससे उन विदेशी कर्मचारियों की परेशानी बढ़ सकती है, जिनके वर्क परमिट की अवधि खत्म होने वाली है और नवीनीकरण आवेदन अभी लंबित हैं।
बता दें कि अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (USCIS) ने इस बदलाव को औपचारिक रूप दिया है। ट्रंप प्रशासन ने 30 अक्टूबर 2025 को अंतरिम नियम के माध्यम से ऑटोमैटिक एक्सटेंशन समाप्त करने की व्यवस्था लागू की थी। हालांकि, नए नियम का असर आवेदन की तारीख और संबंधित वीजा श्रेणी पर निर्भर करेगा।
Trum Govt
पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में वर्क परमिट के नवीनीकरण में देरी से कर्मचारियों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए ऑटोमैटिक एक्सटेंशन की व्यवस्था बढ़ाई गई थी। अप्रैल 2024 में अधिकतम 540 दिनों की राहत अस्थायी रूप से लागू की गई। इसके बाद दिसंबर 2024 में इसे स्थायी व्यवस्था का रूप दिया गया था। नियमों में बदलाव का असर विशेष रूप से H-1B वीजा धारकों के उन H-4 जीवनसाथियों पर पड़ सकता है, जिन्हें अमेरिका में नौकरी करने के लिए EAD की जरूरत होती है।
यदि उनका मौजूदा वर्क परमिट समाप्त हो जाता है और नवीनीकरण को मंजूरी नहीं मिलती, तो उन्हें काम रोकना पड़ सकता है। हालांकि, वर्क परमिट खत्म होने का मतलब अपने आप अमेरिका छोड़ना नहीं है। देश में रहने की अनुमति संबंधित व्यक्ति की आव्रजन स्थिति पर निर्भर करती है।
किन लोगों को मिल सकती है छूट?
F-1 वीजा पर पढ़ाई करने वाले पात्र छात्रों को STEM OPT विस्तार के तहत निर्धारित शर्तों पर 180 दिनों का ऑटोमैटिक एक्सटेंशन मिल सकता है। वहीं, L और E वीजा श्रेणियों के पात्र जीवनसाथियों को उनकी वैध आव्रजन स्थिति के आधार पर काम करने की अनुमति मिल सकती है। ट्रंप प्रशासन वीजा विस्तार से जुड़े आवेदनों की जांच और सख्त करने की दिशा में भी कदम उठा रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था में अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का स्वतंत्र मूल्यांकन करने पर जोर दिया गया है। ऐसे में अमेरिका में काम करने वाले विदेशी नागरिकों के लिए समय रहते आवेदन करना और अपनी रोजगार अनुमति की वैधता जांचना महत्वपूर्ण हो गया है।
Read More : UP Election 2027 के सर्वे में NDA को 66.6% समर्थन, CM की पसंद में योगी या अखिलेश; जानें आगे कौन?




