बिहार के राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दागी अफसरों और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बचाने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही बिहार के युवाओं की प्रतिभा की हत्या करने का भी आरोप लगाया है। इस पर सियासत गरमा गई है। वहीं, जदयू नेताओं ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया है।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल पूछा है कि आखिर क्यों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक DSP, जिस पर नाबालिग दलित लड़की के बलात्कार के साथ साथ केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) में भी भारी धांधली करने का आरोप हैं, को बचा रहे हैं?उन्होंने कहा है कि यह DSP केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष का OSD रहा है। इस DSP और चयन परिषद के अध्यक्ष का क्या संबंध रहा है यह पूरा प्रशासन और पुलिस महकमा जानता है। केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) के विवादित अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का क्या, कैसा और कब से कौन सा संबंध है यह भी सर्वविदित है।