T20 World Cup 2026 : टी20 वर्ल्ड कप-2026 से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंतिम 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम के ऐलान के साथ ही कई बड़े और चौंकाने वाले फैसले सामने आए हैं। सबसे अहम फैसला तेज गेंदबाज पैट कमिंस को टीम से बाहर रखने का रहा, जबकि अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को भी अंतिम स्क्वॉड में जगह नहीं दी गई है। इन फैसलों ने क्रिकेट जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
पैट कमिंस पीठ की चोट से लंबे समय से जूझ रहे हैं। उन्हें पहले प्रोविजनल टीम में शामिल किया गया था और उम्मीद जताई गई थी कि वह टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों के बाद उपलब्ध हो सकते हैं।
T20 World Cup 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम का ऐलान
हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट और फिटनेस स्टेटस को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें पूरे वर्ल्ड कप से बाहर रखने का फैसला किया। कमिंस ने आखिरी बार दिसंबर में एडिलेड में मैच खेला था। टीम चयन में दूसरा बड़ा फैसला स्टीव स्मिथ को लेकर रहा। सीमित ओवरों के इस बड़े टूर्नामेंट में चयनकर्ताओं ने युवा और आक्रामक खिलाड़ियों पर भरोसा जताया। वहीं मैथ्यू शॉर्ट को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा और उन्हें अंतिम टीम से बाहर कर दिया गया।
रेनशॉ और ड्वारशुइस की एंट्री
मैट रेनशॉ की वापसी को टीम का बैलेंस मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अच्छी पकड़ रखते हैं। इसके अलावा बेन ड्वारशुइस को भी अंतिम 15 में शामिल किया गया है, जो प्रोविजनल टीम का हिस्सा नहीं थे। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज से गेंदबाजी में विविधता मिलने की उम्मीद है। जॉश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस ने फिटनेस टेस्ट पास कर चयनकर्ताओं की चिंता कम कर दी है। हेजलवुड मांसपेशियों की समस्या के कारण एशेज सीरीज से बाहर थे, जबकि टिम डेविड हाल के समय में बीबीएल और पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे।
सेलेक्टर का बयान
चयन समिति के प्रमुख टोनी डोडेमेड ने कहा कि कमिंस को पूरी तरह फिट होने के लिए अभी और समय चाहिए। उन्होंने रेनशॉ की तारीफ करते हुए कहा कि वह हर फॉर्मेट में टीम के लिए उपयोगी साबित हुए हैं और अलग-अलग भूमिकाएं निभाने में सक्षम हैं।
ऑस्ट्रेलिया की अंतिम टीम
टी20 वर्ल्ड कप-2026 के लिए घोषित ऑस्ट्रेलियाई टीम में मिचेल मार्श कप्तान होंगे। उनके साथ ट्रेविस हेड, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस और एडन जैम्पा जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। चयनकर्ताओं ने इस टीम के जरिए संतुलन, आक्रामकता और फिटनेस तीनों पर फोकस साफ दिखाया है।
Read More : Virat Kohli का इंस्टाग्राम फिर हुआ एक्टिव, अफवाहों पर ब्रेक





