CJP : सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत में इस प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों की गतिविधियों की CBI जांच कराने की मांग की गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मामले को जरूरत से ज्यादा भावनात्मक तरीके से देखने की आवश्यकता नहीं है।
यह मामला उस समय और चर्चा में आया जब चीफ जस्टिस सूर्यकांत की हालिया टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर CJP नाम का प्लेटफॉर्म तेजी से वायरल हो गया। कुछ ही दिनों में इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स करोड़ों तक पहुंच गए।
CJP
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील एनके गोस्वामी ने अदालत में कहा कि CJP नाम का यह सोशल मीडिया अभियान न्यायपालिका की छवि खराब कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे अदालत और न्याय व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जा रहा है। इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वीएम पंचोली की बेंच ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मुद्दे को अत्यधिक भावुकता से नहीं लेना चाहिए। अदालत ने फिलहाल मामले में कोई तात्कालिक आदेश पारित नहीं किया और कहा कि स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
फर्जी डिग्री और वकीलों की जांच की मांग
यह याचिका एडवोकेट राजा चौधरी की ओर से दाखिल की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया कि आंदोलन और सोशल मीडिया कैंपेन से जुड़े कुछ लोग खुद को अधिवक्ता बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। साथ ही फर्जी कानून की डिग्रियों की भी जांच कराने की मांग की गई। याचिकाकर्ता ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट की मौखिक टिप्पणियों और अदालती कार्यवाही को सोशल मीडिया पर व्यावसायिक तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है, जिस पर रोक लगनी चाहिए। हालांकि कोर्ट ने कहा कि अभी ऐसी कोई आपात स्थिति नहीं दिख रही, जिसके लिए तुरंत हस्तक्षेप जरूरी हो।
महाराष्ट्र में CJP फाउंडर के घर पुलिस तैनात
इस बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस ने उनके घर के बाहर 24 घंटे पुलिस बल तैनात किया है। डीसीपी पंकज अतुलकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर मुद्दा लगातार ट्रेंड कर रहा है। ऐसे में एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न हो। हालांकि पुलिस ने साफ किया कि उन्हें अब तक किसी आधिकारिक धमकी की जानकारी नहीं मिली है।
X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद नया अकाउंट बनाया
कुछ दिन पहले CJP का पुराना X अकाउंट बंद कर दिया गया था। उस समय अकाउंट पर लाखों फॉलोअर्स मौजूद थे। बाद में संगठन की ओर से नया अकाउंट बनाया गया, जिसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया। नए अकाउंट के बायो में ‘कॉकरोच डोंट डाय’ लिखा गया है। कुछ ही दिनों में इस नए अकाउंट पर भी लाखों लोग जुड़ चुके हैं। सोशल मीडिया पर CJP लगातार ट्रेंड कर रहा है और इससे जुड़ी बहस तेज हो गई है।
समर्थकों में नाराजगी
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनकी वेबसाइट को बंद कर दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि वेबसाइट पर लाखों लोगों ने रजिस्ट्रेशन किया था और कई लोगों ने ऑनलाइन अभियानों में हिस्सा लिया था। फिलहाल वेबसाइट खुल नहीं रही है। वेबसाइट ओपन करने पर तकनीकी त्रुटि का संदेश दिखाई दे रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया, न्यायपालिका और डिजिटल अभिव्यक्ति को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
Read More : Ayodhya में बनेगा ‘कचरे से कला’ थीम वाला भव्य लव-कुश पार्क, 17.72 करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार




