Super-8 : टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने डिफेंडिंग चैंपियन भारत को 76 रन से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 188 रन का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई। शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे और मैच भारत की पकड़ से दूर होता गया। अभिषेक शर्मा को इस मैच में अच्छी शुरुआत की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन वे लंबी पारी नहीं खेल सके। 12 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो गए। पिछले मैचों में भी वे बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। शुरुआती ओवरों में विकेट गिरने से दबाव और बढ़ गया।
ईशान किशन से तेज शुरुआत की उम्मीद थी, मगर वे खाता भी नहीं खोल सके। पहले ही ओवर में पवेलियन लौटना टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में मजबूत नींव जरूरी थी, जो नहीं बन सकी।
सुंदर और हार्दिक से नहीं मिला सहारा
मध्यक्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने 11 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में भी असर नहीं छोड़ सके। उनसे ऑलराउंड प्रदर्शन की उम्मीद थी। दूसरी ओर हार्दिक पांड्या भी लय में नहीं दिखे। गेंद से 4 ओवर में 45 रन दे बैठे और बल्ले से 18 रन ही बना सके। अनुभवी खिलाड़ी होने के बावजूद वे मैच पर पकड़ नहीं बना पाए। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती सबसे महंगे साबित हुए। चार ओवर में 47 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट लिया। मिडिल ओवरों में रन रोकने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने खुलकर रन बटोरे।
दक्षिण अफ्रीका की दमदार गेंदबाजी
प्रोटियाज की ओर से मार्को यानसेन ने चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि केशव महाराज ने तीन अहम झटके दिए। लक्ष्य बड़ा था, लेकिन भारतीय टीम की लड़ाई कमजोर शुरुआत के कारण अधूरी रह गई। सुपर-8 में आगे बढ़ने के लिए अब भारत को बाकी मैचों में वापसी करनी ही होगी।
Read More : Aadhar Card खो गया और नंबर भी याद नहीं? जानिए कैसे दोबारा पाएंगे अपनी पहचान





