Home » उत्तर प्रदेश » Shilpa Shetty पहुंचीं बाबा विश्वनाथ के दरबार, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ लिया आशीर्वाद

Shilpa Shetty पहुंचीं बाबा विश्वनाथ के दरबार, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ लिया आशीर्वाद

Shilpa Shetty : बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे की शुरुआत भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के साथ की। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह सीधे काशी विश्वनाथ धाम गईं, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में करीब आधे घंटे तक रहीं अभिनेत्री ने पूरी श्रद्धा के साथ ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप किया और देश-दुनिया में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद मंदिर प्रशासन और पुजारियों ने शिल्पा शेट्टी का पारंपरिक सम्मान किया।

उन्हें बाबा विश्वनाथ का प्रसाद, रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट किया गया। मंदिर से बाहर निकलते समय उनके माथे पर त्रिपुंड तिलक और गले में रुद्राक्ष की माला दिखाई दी। धाम परिसर से बाहर आते ही उन्होंने हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और पूरे उत्साह के साथ “हर-हर महादेव” का जयघोष किया, जिसका जवाब वहां मौजूद भक्तों ने भी पूरे जोश के साथ दिया।

Shilpa Shetty

मीडिया से बातचीत में शिल्पा शेट्टी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन उनके लिए हमेशा एक विशेष अनुभव होते हैं। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा मन को अलग तरह की शांति और सकारात्मकता से भर देती है। अभिनेत्री ने बताया कि जब भी उन्हें अवसर मिलता है, वह बाबा के दरबार में माथा टेकने जरूर आती हैं। उनके अनुसार, काशी का धार्मिक वातावरण और यहां की दिव्यता हर बार उन्हें नई ऊर्जा से भर देती है। शिल्पा शेट्टी ने बताया कि उनके वाराणसी आने का मुख्य उद्देश्य शहर में आयोजित एक साड़ी शोरूम के उद्घाटन समारोह में भाग लेना है।इसी कार्यक्रम के सिलसिले में वह दो दिनों तक वाराणसी में रहेंगी। उन्होंने कहा कि बनारस अपनी आध्यात्मिक विरासत के साथ-साथ विश्व प्रसिद्ध बनारसी साड़ियों के लिए भी पूरी दुनिया में जाना जाता है और यहां आना उनके लिए हमेशा यादगार अनुभव रहता है।

ग्लैमर की दुनिया

8 जून 1975 को कर्नाटक के मंगलुरु में जन्मीं शिल्पा शेट्टी का वास्तविक नाम अश्विनी शेट्टी है। बाद में उनका परिवार मुंबई आकर बस गया, जहां उनकी शिक्षा पूरी हुई। फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले वह अपने पिता के कारोबार में सहयोग करती थीं। अभिनय के क्षेत्र में आने के बाद उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई और कई सफल फिल्मों में काम किया।

अभिनय के अलावा शिल्पा शेट्टी सफल उद्यमी के रूप में भी जानी जाती हैं। वह हॉस्पिटैलिटी, फैशन और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई व्यवसायों में निवेश कर चुकी हैं। मुंबई के जुहू स्थित उनका आलीशान बंगला ‘किनारा’ उनकी शानदार जीवनशैली की पहचान माना जाता है। इसके अलावा विदेशों में भी उनकी संपत्तियां हैं। वह अपना फैशन ब्रांड संचालित करने के साथ विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो की भी सह-मालिक हैं और कई उभरते ब्रांड्स में निवेश के जरिए कारोबार की दुनिया में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

Read More : Kashi में भगवान जगन्नाथ की तीन दिवसीय रथयात्रा शुरू, जयघोष से गूंजा वाराणसी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?