Relationship Tips : दोस्ती… एक ऐसा रिश्ता जो बिना खून के भी दिल से जुड़ जाता है। स्कूल की बेंच से लेकर कॉलेज के कैंटीन तक, और फिर जिंदगी की भागदौड़ में भी जो साथ निभा जाए, वही असली दोस्ती होती है। उम्र के किसी मोड़ पर यह रिश्ता चुपचाप बदलता जरूर है, लेकिन खत्म नहीं होता। हंसी-ठिठोली, देर रात की बातें और बेवजह के कॉल सब कुछ वक्त के साथ कम हो जाता है, मगर दिल का जुड़ाव और भरोसा कहीं ज्यादा गहरा हो जाता है। खासतौर पर 30 की उम्र पार करते ही दोस्ती एक नए मायने लेने लगती है, जहां दिखावा नहीं, सिर्फ अपनापन बचा रहता है।
अक्सर माना जाता है कि शादी, करियर और बच्चों के बाद दोस्त पीछे छूट जाते हैं, लेकिन हालिया रिसर्च इस सोच को पूरी तरह पलट देती है। सच्चाई यह है कि 30 की उम्र के बाद महिलाओं की दोस्ती कमजोर नहीं, बल्कि ज्यादा मजबूत और सच्ची बन जाती है। यह वह दौर होता है जब रिश्तों की परतें उतर जाती हैं और सिर्फ ईमानदारी बचती है।
Relationship Tips
यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन की एक स्टडी में सामने आया कि जिन महिलाओं के जीवन में एक करीबी या ‘बेस्ट फ्रेंड’ होती है, उनका आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन कहीं बेहतर होता है। उम्र बढ़ने के साथ महिलाएं अपनी सहेलियों को सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि अपना चुना हुआ परिवार मानने लगती हैं। 30 की उम्र अपने साथ कई जिम्मेदारियां लाती है, जिसमें शादी, बच्चे, करियर का दबाव और परिवार की चिंता आदि शामिल है। ऐसे समय में दोस्ती किसी सहारे से कम नहीं होती। यही सहेलियां बिना सवाल पूछे सुनती हैं, बिना जज किए समझती हैं और बिना शर्त साथ देती हैं। यही वजह है कि इस उम्र की दोस्ती ‘इमोशनल एंकर’ बन जाती है।
ओलिविया की कहानी
31 साल की ओलिविया के लिए 2025 आसान नहीं था। निजी और प्रोफेशनल दोनों मोर्चों पर चुनौतियां थीं। लेकिन उनकी सहेलियां हर कदम पर साथ खड़ी रहीं। ओलिविया कहती हैं, “जब सब कुछ बिखर रहा हो, तब दोस्त ही आपको जोड़ते हैं।” 20 की उम्र की दोस्ती भावनाओं से भरी होती है, जबकि 30 की दोस्ती समझदारी से। इस उम्र में कोई देर से जवाब दे, तो बुरा नहीं लगता। हर किसी की अपनी लड़ाई होती है और दोस्त इसे समझते हैं।
कम बातचीत
अब घंटों फोन पर बात करना जरूरी नहीं। कभी एक वॉइस नोट, कभी एक छोटा सा मैसेज ही काफी होता है। यह दोस्ती शोर नहीं करती, बल्कि चुपचाप दिल में जगह बना लेती है। कम शब्दों में ज्यादा अपनापन यही 30 के बाद की दोस्ती की खूबसूरती है। इस उम्र तक आते-आते महिलाएं खुद को बेहतर समझने लगती हैं। उन्हें पता होता है कि कौन सा रिश्ता निभाने लायक है। इसलिए दोस्ती भी दिखावे से दूर, सच्ची और रूह से जुड़ी होती है। यही वजह है कि 30 के बाद की दोस्ती कम लोगों के साथ, लेकिन बेहद खास होती है।
Read More : ITR की तारीख से लेकर रिफंड तक, बजट 2026 से टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत की आस





