UP Sarkari Naukri 2026 : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2026 के दौरान बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया को गति दे दी है। दोनों आयोगों का लक्ष्य दिसंबर तक करीब 62 हजार पदों पर नियुक्तियां पूरी करना है। चुनावी वर्ष को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है, ताकि विभिन्न विभागों में लंबे समय से खाली पदों को भरा जा सके। इससे लाखों अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने एडेड महाविद्यालयों में 111 प्राचार्य पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। वहीं, 2,107 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों का विज्ञापन जुलाई के अंतिम सप्ताह में जारी होने की तैयारी है।
UP Sarkari Naukri 2026
एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2,643 पदों का अधियाचन अपलोड किया जा चुका है। आयोग के पास टीजीटी, पीजीटी और संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों के कुल 21,252 पदों का अधियाचन भी उपलब्ध है, जिन पर भर्ती प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी। हाल ही में आयोग ने टीजीटी के 3,539 और पीजीटी के 624 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय विद्यालयों के लिए प्रवक्ता के 1,518 पदों पर भर्ती पूरी कर ली है।
राजकीय महाविद्यालयों में 1,253 सहायक आचार्य और एलटी ग्रेड के 7,466 सहायक अध्यापकों का चयन भी किया जा चुका है। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेजों के 8,905 पदों का अधियाचन आयोग को भेजा गया है, जिन पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
अन्य पदों पर भी होगी नियुक्ति
बेसिक शिक्षा परिषद के अनुसार नगर क्षेत्र के स्कूलों में 11 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए अधियाचन आयोग को भेजा जा चुका है। वहीं, शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के लिए 131 कनिष्ठ लिपिक और 25 आशुलिपिक पदों की भर्ती अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा के सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। करीब 61,999 पदों के अलावा बेसिक शिक्षा परिषद ग्रामीण क्षेत्रों के लिए लगभग 35 हजार शिक्षकों का नया अधियाचन भेजने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही दो हजार अनुदेशक पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
अल्पसंख्यक महाविद्यालयों में करीब 150 और माध्यमिक अल्पसंख्यक विद्यालयों में लगभग 300 पदों का अधियाचन सितंबर-अक्टूबर तक भेजा जा सकता है। यदि सभी प्रस्तावित भर्तियां तय समय पर पूरी होती हैं तो वर्ष 2026 उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिहाज से सबसे बड़े भर्ती वर्षों में शामिल हो सकता है।
Read More : Dengue Vaccine को भारत में मिली मंजूरी, संक्रमण और गंभीर मामलों से मिलेगी बड़ी राहत





