Home » उत्तर प्रदेश » UP में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में तेज आंधी-बारिश; IMD का 75 जिलों के लिए अलर्ट

UP में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में तेज आंधी-बारिश; IMD का 75 जिलों के लिए अलर्ट

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की दस्तक अब साफ तौर पर महसूस होने लगी है। गुरुवार तड़के गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, गोंडा, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, बिजनौर, संभल और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में भी सुबह से बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। बुधवार देर रात बरेली में आए तेज तूफान ने शहर की रफ्तार थाम दी।

कई इलाकों में सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि कई स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स भी धराशायी हो गए। एक पेट्रोल पंप की छत उड़ जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेड़ों के बिजली लाइनों पर गिरने से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई और कई घंटे बाद जाकर आपूर्ति सामान्य हो सकी।

UP में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए आंधी, तेज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग का कहना है कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों तक मौसम लगातार बदलता रहेगा और प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 15 और 16 जून तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अनुमान है कि 20 जून के आसपास मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और उसके बाद अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लेगा।

मुजफ्फरनगर में बारिश से मिली राहत

मुजफ्फरनगर में सुबह अचानक काले बादल छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। कई इलाकों में जलभराव भी देखने को मिला और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। गोरखपुर में देर रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सुबह तक जारी रहा। ठंडी हवाओं के कारण मौसम बेहद सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बादल बने रहने की संभावना है, जबकि तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

आगरा और कानपुर

आगरा में सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कानपुर में सुबह हल्की ठंडी हवा चलने के बावजूद दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने लगी। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि शाम तक तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। मेरठ में रात की हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अगले 48 घंटों में फिर बारिश की संभावना जताई गई है। उधर बलिया में तड़के तेज आंधी, बिजली और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। करीब 20 मिनट तक चली तेज हवाओं के बाद हल्की बारिश जारी रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गर्मी से राहत

बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर बिजली चमकने के समय न रुकने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम तेजी से बदलता रह सकता है।

Read MORE : UP में लू का कहर जारी, 16 जिलों में हीटवेव अलर्ट; 11 जून से बदलेगा मौसम

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?