PMO Office : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यालय जल्द ही नए सेवा तीर्थ परिसर में शिफ्ट होने वाला है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, नए ऑफिस का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने प्रधानमंत्री अपने नए कार्यालय में कामकाज शुरू कर सकते हैं। सेवा तीर्थ परिसर रायसीना हिल के नीचे विजय चौक के नजदीक स्थित है। यहां तीन हाई-टेक इमारतें बनाई गई हैं, जिसमें सेवा तीर्थ 1, सेवा तीर्थ 2 और सेवा तीर्थ 3 शामिल है।
सेवा तीर्थ 1 में प्रधानमंत्री कार्यालय, सेवा तीर्थ 2 में कैबिनेट सचिवालय शिफ्ट हो चुका है, जबकि सेवा तीर्थ 3 में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय स्थित होगा, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कार्य करेंगे।
PMO Office होगा शिफ्ट
यह नया परिसर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत तैयार किया गया है। इस परियोजना में नया संसद भवन और उपराष्ट्रपति एनक्लेव पहले ही तैयार हो चुका है। इसके अलावा मंत्रालयों के लिए कुल आठ नए कर्तव्य भवन बनाए जा रहे हैं, जिनमें से तीन भवन तैयार हो चुके हैं और कई मंत्रालय शिफ्ट हो चुके हैं। इसी माह पीएमओ का नया कार्यालय इस परिसर में स्थानांतरित होने की संभावना है।
नाम में बदलाव
पहले नए पीएमओ को एक्जीक्यूटिव एनक्लेव नाम दिया गया था, लेकिन दिसंबर में इसे सेवा तीर्थ परिसर नाम दिया गया। इसी समय देशभर के राजभवनों का नाम बदलकर लोक भवन किया गया। सेवा तीर्थ के पास ही प्रधानमंत्री का नया आवास भी बन रहा है। इसके बन जाने के बाद प्रधानमंत्री निवास सात लोक कल्याण मार्ग से शिफ्ट होकर इसी परिसर में होगा।
ओपन फ्लोर प्लान
सेवा तीर्थ परिसर में गणमान्य अतिथियों से भेंट करने के लिए अत्याधुनिक कक्ष बनाए गए हैं, जिनमें भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक भी दिखाई देती है। कैबिनेट की बैठकों के लिए भी विशेष कक्ष बनाए गए हैं। अधिकांश अधिकारियों के बैठने के लिए ओपन फ्लोर प्लान रखा गया है, जैसा कि अन्य कर्तव्य भवनों में देखा गया है। आजादी के बाद से प्रधानमंत्री कार्यालय साउथ ब्लॉक में रहा है, जहां विदेश और रक्षा मंत्रालय भी काम करते थे। नार्थ ब्लॉक में गृह और वित्त मंत्रालय कार्यरत थे, जिन्हें अब नए कर्तव्य भवनों में शिफ्ट कर दिया गया है। पुराने ब्लॉक अब युगे युगीन भारत संग्रहालय के रूप में तैयार किए जाएंगे, जिससे इतिहास और आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा।
Read More : Somnath Temple में PM मोदी ने किया दुग्धाभिषेक, संबोधन में कही ये बातें





