PM Modi : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में मौसम ने अचानक अड़चन डाल दी। सुबह से छाए घने कोहरे और बेहद कम विजिबिलिटी के चलते प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर नदिया में लैंड नहीं कर सका। हालात ऐसे थे कि आसमान से जमीन तक कुछ मीटर से ज्यादा दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे उड़ान को लेकर जोखिम बढ़ गया। प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल और तकनीकी मानकों को देखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को आगे बढ़ाने के बजाय वापस कोलकाता लौटाने का निर्णय लिया।
यह फैसला पूरी तरह एहतियात के तौर पर लिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, नदिया और आसपास के इलाकों में देर तक कोहरा बने रहने की संभावना थी।
PM Modi: सड़क मार्ग से पहुंचने की तैयारी
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग रद्द होने के बाद अब यह संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री कोलकाता से नदिया के लिए सड़क मार्ग से रवाना हो सकते हैं। प्रशासनिक अमला वैकल्पिक व्यवस्था में जुट गया है और सुरक्षा एजेंसियां रूट को लेकर मंथन कर रही हैं। हालांकि, अंतिम फैसला मौसम और सुरक्षा स्थिति को देखकर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजनीतिक लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। हाल ही में पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी हुआ है और इसी पृष्ठभूमि में पीएम मोदी का यह दौरा हो रहा है। माना जा रहा है कि नदिया से ही भाजपा बंगाल की सियासी रणनीति को नई धार देने की कोशिश करेगी।
3200 करोड़ की योजना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरे के दौरान बंगाल को करीब 3,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। इन योजनाओं में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और जनकल्याण से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं। दरअसल, अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में पीएम मोदी का नदिया दौरा सियासी संकेतों से भरा माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रधानमंत्री यहीं से चुनावी माहौल को गरमाने का प्रयास करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेंगे।
Read More : Sanju Samson ने खेली तूफानी पारी, शॉट से चोटिल हुए अंपायर





