PM Modi : शनिवार को मालदा की धरती से भारतीय रेल के इतिहास में एक नया अध्याय खुला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) रूट पर चलने वाली देश की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन न सिर्फ पूर्व और पूर्वोत्तर को तेज़ी से जोड़ने वाली कड़ी बनी, बल्कि लंबी दूरी की रेल यात्रा के अनुभव को भी नए सिरे से परिभाषित करती दिखी। हावड़ा से कामाख्या तक सीधा, तेज और आरामदायक सफर अब आसान होने जा रहा है। इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए समय की बचत सबसे बड़ा फायदा होगी।
भारतीय रेलवे के मुताबिक, नई स्लीपर वंदे भारत से यात्रा समय करीब ढाई घंटे तक घटेगा, जिससे धार्मिक यात्राओं और पर्यटन गतिविधियों को भी रफ्तार मिलेगी। मालदा में आयोजित प्रशासनिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने सिर्फ ट्रेन ही नहीं दिखाई, बल्कि 3,250 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत वाली रेल और सड़क से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
PM Modi ने दी सौगात
इसके साथ ही चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रवाना किया गया, जो न्यू जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे अहम केंद्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेंगी। अब तक वंदे भारत ट्रेनों को चेयर कार के लिए जाना जाता था, लेकिन स्लीपर वर्जन के आने से तस्वीर बदल गई है। लंबी दूरी पर रात का सफर करने वालों के लिए यह बड़ी राहत है। यात्री अब विमान जैसी सुविधा के साथ ट्रेन में आराम से सोते हुए यात्रा कर सकेंगे।
रफ्तार में भी दम
इस स्लीपर वंदे भारत को तकनीकी रूप से 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति के लिए तैयार किया गया है। हालांकि, मौजूदा ट्रैक और परिचालन स्थितियों को देखते हुए इसकी नियमित रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने की संभावना है। ट्रेन के कोच पूरी तरह वातानुकूलित हैं और बर्थ का डिजाइन ऐसा रखा गया है, जिससे लंबी यात्रा में भी थकान कम महसूस हो। विश्वस्तरीय सस्पेंशन सिस्टम, स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजे और आधुनिक सुरक्षा इंतजाम इसे खास बनाते हैं। स्टेशन पर रुकने के अलावा दरवाजे अपने आप नहीं खुलेंगे, जिससे सफर ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
देश की ये पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन… मां काली की धरती को मां कामाख्या की भूमि को जोड़ रही है।
आने वाले समय में पूरे देश में, इस आधुनिक ट्रेन का विस्तार होगा।
मैं बंगाल को, असम को, पूरे देश को इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन के लिए बधाई देता हूं: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) January 17, 2026
स्वच्छता और सुरक्षा पर खास जोर
स्लीपर वंदे भारत में उन्नत कीटाणुनाशक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो अधिकतर हानिकारक जीवाणुओं को खत्म करने में सक्षम है। यात्रियों को साफ चादरें और तौलिए मिलेंगे। टॉयलेट पूरी तरह मॉडर्न हैं, जिनमें सेंसर आधारित नल और बेहतर सफाई व्यवस्था दी गई है। ट्रेन में इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट लगाई गई है। किसी भी परेशानी की स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन मैनेजर या लोको पायलट से संपर्क कर सकेंगे। इसके लिए कोच में स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
किराया
रेलवे ने किराए की जानकारी भी शेयर कर दी है। हावड़ा से गुवाहाटी के बीच 3AC का किराया 2,300 रुपये रखा गया है, जिसमें भोजन शामिल होगा। 2AC के लिए 3,000 रुपये और 1AC के लिए 3,600 रुपये देने होंगे।
Read More : Insurance कंपनियों पर बढ़ा दबाव, गलत बिक्री बनी बड़ी चुनौती; शिकायतों के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता





