Home » मध्य प्रदेश » MP के इटारसी में आधी रात को हुआ हादसा, नहर में गिरी कार; 3 की मौत

MP के इटारसी में आधी रात को हुआ हादसा, नहर में गिरी कार; 3 की मौत

MP Accident
MP Accident

MP Accident News : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। पुराने भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे पर स्थित पथरोटा नहर पुल के पास एक तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार कुछ ही पलों में गहरे पानी में समा गई। घटना की जानकारी रात करीब 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली।

इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। अंधेरा, गहरी नहर और तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनकर सामने आए। पुल के पास लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई नहर की ओर टकटकी लगाए खड़ा रहा।

MP के इटारसी में हुआ हादसा

एसडीआरएफ टीम जब मौके पर पहुंची तो कार पूरी तरह पानी में डूबी हुई थी। राहतकर्मियों के मुताबिक, नहर के भीतर कार की लाइटें अब भी जलती दिख रही थीं, जिससे उसके सटीक स्थान का अंदाजा लगाया जा सका। इसी आधार पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे चले कठिन अभियान के बाद ट्रैक्टर की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। जैसे ही गाड़ी बाहर आई, मौके पर मौजूद हर शख्स की सांसें थम गईं। कार के अंदर तीन लोगों के शव मिले। पानी और चोटों के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।

आईडी कार्ड से हुई एक की पहचान

कार के अंदर मिले पहचान पत्र से एक मृतक की पहचान लकी पटेल के रूप में हुई है। बाकी दो शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी मृतक युवक बताए जा रहे हैं और संभव है कि वे किसी निजी यात्रा पर निकले हों। एसडीआरएफ अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के पीछे स्टीयरिंग फेल होना या नशे की हालत में गाड़ी चलाना संभावित कारण हो सकते हैं। हालांकि, वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और तकनीकी जांच कराई जा रही है।

इलाके में मातम

इस हादसे के बाद इटारसी और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पथरोटा नहर पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम आज तक नहीं बढ़ाए गए। अब सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार प्रशासन सबक लेगा। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है।

Read More : Kamal Haasan ने राज्यसभा में उठाया बिहार का मुद्दा, बताया ‘जिंदा मुर्दों की भूमि’

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?