MP Investment Summit : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में वर्ष 2027 में प्रस्तावित Global Investors Summit 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। समिट के आयोजन के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया के तहत उद्योग विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने कोलार क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। टीम ने सतगढ़ी, महाबड़िया, रातीबड़ समेत करीब आधा दर्जन स्थानों पर उपलब्ध जमीन, पहुंच मार्ग और भविष्य में विकसित की जा सकने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद महाबड़िया गांव को आयोजन के लिए बेहतर विकल्प माना गया है।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, एमपीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक, भोपाल कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने प्रस्तावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह देखा कि देश-विदेश से आने वाले उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए किस स्थान पर पर्याप्त सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।
MP Investment Summit
महाबड़िया में पर्याप्त जमीन उपलब्ध होने के साथ ही बड़े स्तर के आयोजन के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की संभावना को देखते हुए इसे प्राथमिकता दी गई है। समिट में देश और विदेश से बड़ी संख्या में निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजन स्थल तक बेहतर कनेक्टिविटी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का फोकस है। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम तेजी से शुरू किए जा सकते हैं। आयोजन स्थल तक मेहमानों की आसान आवाजाही के लिए कोलार क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की योजना तैयार की जा रही है।
इसके तहत डीमार्ट से सतगढ़ी तक सड़क विकसित करने के साथ मानसरोवर डेंटल कॉलेज के पास से फोरलेन सड़क बनाने की तैयारी है। इसके अलावा केरवा और एयरपोर्ट की ओर से भी आयोजन स्थल तक सीधे संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना है।
सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
समिट से पहले क्षेत्र में सड़क, यातायात, बिजली, पानी और दूसरी जरूरी सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करेंगे। सरकार का प्रयास है कि समिट शुरू होने से पहले सभी प्रमुख काम पूरे कर लिए जाएं। CM डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2025 में भोपाल के मानव संग्रहालय क्षेत्र में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होने के बाद वर्ष 2027 में एक बार फिर राजधानी में इस बड़े आयोजन को कराने का निर्णय लिया था। इसी फैसले के बाद अब सरकार ने नए समिट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन के जरिए मध्यप्रदेश में नए निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी।
आमंत्रित करेंगे मुख्यमंत्री
समिट से पहले मध्यप्रदेश सरकार विदेशों में भी संभावित निवेशकों से संपर्क बढ़ाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सितंबर के दूसरे सप्ताह में दुबई जाएंगे। इस दौरान वे उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों और राज्य की निवेश नीतियों की जानकारी देंगे। सरकार का लक्ष्य समिट से पहले ही बड़े निवेश प्रस्तावों के लिए माहौल तैयार करना है।
rEAD mORE : Job Alert: आज नहीं भरा फॉर्म तो चूक जाएगा मौका! CTET, UPPSC और UPSSSC PET के आवेदन आज होंगे बंद




