Kanwar Yatra Meerut : कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए मेरठ पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना तैयार कर ली है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए 29 जुलाई की रात से चरणबद्ध तरीके से कई राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की गाजियाबाद से मेरठ दिशा और चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग (नहर पटरी) पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 12 अगस्त तक प्रभावी रहने की संभावना है।
मेरठ पुलिस ने यह योजना मेरठ जोन के साथ-साथ आसपास के जिलों के पुलिस अधिकारियों से समन्वय कर तैयार की है। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल पारंपरिक मार्गों से ही संचालित होगी। गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
Kanwar Yatra
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और मौके की स्थिति के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था में जरूरत पड़ने पर बदलाव भी किया जा सकेगा। 29 जुलाई की रात 12 बजे से भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। अंबाला, यमुनानगर और हरियाणा की ओर से उत्तराखंड जाने वाले वाहन एनएच-344 के जरिए छुटमलपुर और मोहंड होकर देहरादून भेजे जाएंगे। हरिद्वार जाने वाले वाहनों को भगवानपुर और रुड़की मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं राजस्थान, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से उत्तराखंड की ओर जाने वाले वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से होकर भेजा जाएगा, ताकि कांवड़ मार्ग पर दबाव कम रहे।
बदले जाएंगे रास्ते
2 अगस्त की मध्यरात्रि से हल्के और मध्यम वाहनों के लिए भी नया ट्रैफिक प्लान लागू होगा। दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद, नोएडा और बुलंदशहर से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहनों को पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, हापुड़, किठौर, परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज और मीरापुर होते हुए वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। बिजनौर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि किसी एक मार्ग पर अत्यधिक दबाव न बने।
वाहनों के लिए नई व्यवस्था
कांवड़ मेले के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष रूट तय किए गए हैं। दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को सिंभावली कट से उतारकर एनएच-9 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे भेजा जाएगा। वहीं मेरठ, बिजनौर और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर लें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे।
Read More : UP Weather: बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बदलेगा मौसम, सोमवार दोपहर बाद तेज बारिश के आसार





