Mahayagya Kalash Yatra : बलिया जिले के कुंआपीपर स्थित श्री घरभरन बाबा मां आशकामिनी धाम में आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के शुभारंभ पर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोषों के बीच शुरू हुई यह यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। यज्ञाधीश श्रीश्री 1008 त्यागी बाबा जी महाराज के नेतृत्व में निकली कलश यात्रा ने आसपास के गांवों का भ्रमण किया।
श्रद्धालुओं का जत्था विभिन्न मार्गों से होते हुए हुकुमछपरा गंगापुर स्थित गंगा तट पहुंचा। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा के जल से कलश भरे। यात्रा के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
Mahayagya Kalash Yatra
गंगा तट पर यज्ञाचार्य पंडित सुनील शास्त्री के मार्गदर्शन में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। विद्वान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन कराया। इसके बाद यजमानों और श्रद्धालुओं ने कलश पूजन संपन्न किया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कलश यात्रा के दौरान पुरुष श्रद्धालु ‘ऊं विष्णवे नमः’, ‘जय माता लक्ष्मी’, ‘ऊं नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। वहीं, महिलाओं ने पारंपरिक मंगलगीत गाकर यात्रा को और भी भक्तिमय बना दिया। कलश भरने के बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई।
9 जून से शुरू होंगे प्रमुख अनुष्ठान
यज्ञाचार्य ने बताया कि 9 जून को मंडप प्रवेश, अरणी मंथन और अन्य वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इसके बाद 10 जून से प्रतिदिन हवन, पूजन-अर्चन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन समिति ने सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली हैं। महायज्ञ के दौरान अयोध्या से आने वाली कथावाचिका सुश्री प्रज्ञा किशोरी 9 जून से प्रतिदिन प्रवचन देंगी। श्रद्धालु भगवान की कथा और धार्मिक प्रवचनों का लाभ उठा सकेंगे। आयोजन का समापन 15 जून को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ होगा। यज्ञाधीश ने क्षेत्र और जनपद के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
Read More : UP Transfer News: सिद्धार्थनगर में 7 डॉक्टरों का तबादला, कई स्वास्थ्य केंद्रों में बदले प्रभारी





