Lucknow-Kanpur Expressway : उत्तर प्रदेश को आज एक बड़ी सड़क परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन सोमवार शाम 4 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। करीब 4700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 63 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे मंगलवार से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह देश का पहला पूरी तरह बैरियर-लेस एक्सप्रेसवे होगा।
इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने के बाद लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। अभी दोनों शहरों के बीच सड़क मार्ग से पहुंचने में ढाई से तीन घंटे तक लग जाते हैं, लेकिन नए मार्ग पर यह दूरी महज 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
Lucknow-Kanpur Expressway
तेज रफ्तार और बिना रुकावट यात्रा से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और औद्योगिक गतिविधियों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। एक्सप्रेसवे पर पारंपरिक टोल प्लाजा की बजाय आधुनिक बैरियर-लेस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। टोल प्लाजा से पहले लगाए गए ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर वाहन की पहचान कर बिना रोके ही टोल राशि काट देंगे। पूरे मार्ग पर एआई आधारित निगरानी प्रणाली भी लगाई गई है। किसी दुर्घटना या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत एनएचएआई के कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगी, जिससे राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सकेगा। एक्सप्रेस-वे पर अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चल सकेंगे, जबकि दोपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
जाम से मिलेगी राहत
परियोजना का लगभग 18 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड बनाया गया है। इससे अमौसी, सरोजनीनगर और एनएच-27 के आसपास लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। स्कूटर इंडिया के पुराने परिसर तक एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किया गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सकेगी। वहीं, लखनऊ आउटर रिंग रोड को भी इस एक्सप्रेस-वे से जोड़ दिया गया है। इससे कानपुर की ओर से आने वाले वाहन रायबरेली, सीतापुर, हरदोई और सुल्तानपुर जैसे जिलों की ओर शहर में प्रवेश किए बिना सीधे जा सकेंगे।
🛣️ कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे : उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाली एक ऐतिहासिक उपलब्धि!#PragatiKaHighway #GatiShakti #KanpurLucknowExpressway@narendramodi @rajnathsingh @myogiadityanath pic.twitter.com/TCGOUOXAMK
— Nitin Gadkari (@nitin_gadkari) July 13, 2026
चुनौती भी रही खास
यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे एक्सप्रेस-वे पर छह प्रमुख इंटरचेंज बनाए गए हैं, जिनके जरिए वाहन आसानी से प्रवेश और निकास कर सकेंगे। परियोजना के निर्माण के दौरान सबसे बड़ी चुनौती लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में 1.32 लाख वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन थी। इस समस्या के समाधान के लिए विशेष मोनोपोल तकनीक का इस्तेमाल कर लाइन को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित किया गया। तकनीकी बाधाओं को दूर करने के बाद निर्माण कार्य पूरा हुआ।
अब यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल हो गया है। यात्रियों को इस मार्ग पर कार से सफर करने के लिए 275 रुपये टोल देना होगा, जो पुराने मार्ग की तुलना में अधिक है, लेकिन समय की बड़ी बचत इसकी प्रमुख विशेषता मानी जा रही है।
Read More : UP के 12 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफा, 5 लाख तक कैशलेस इलाज; ऐसे उठाएं लाभ





