LPG Booking : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिखाई देने लगा है। कई जगहों पर गैस की कमी की आशंका से लोग पहले ही सिलेंडर बुक कराने लगे हैं। इसी वजह से गैस एजेंसियों के फोन नंबर लगातार व्यस्त आ रहे हैं और कई उपभोक्ताओं को कॉल के जरिए बुकिंग करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि ऐसे हालात में घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अब गैस सिलेंडर बुक कराने के कई डिजिटल विकल्प मौजूद हैं।
अब गैस कंपनियों ने व्हाट्सएप को भी बुकिंग का आसान जरिया बना दिया है। अगर आपके पास स्मार्टफोन है तो आप घर बैठे कुछ सेकेंड में सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
LPG सिलेंडर की बुकिंग हुई आसान
इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से संबंधित गैस कंपनी के व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज भेजना होता है। उदाहरण के तौर पर इंडेन गैस के लिए ‘REFILL’ लिखकर संदेश भेजने पर बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसी तरह एचपी गैस और भारत गैस के लिए भी अलग-अलग नंबर जारी किए गए हैं, जहां ‘Hi’ या ‘Book’ लिखकर मैसेज करने से सिलेंडर की बुकिंग हो जाती है।
अगर इंटरनेट उपलब्ध नहीं है या आपके पास स्मार्टफोन नहीं है, तब भी सिलेंडर बुक करना आसान है। इसके लिए साधारण SMS सेवा का इस्तेमाल किया जा सकता है। अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से तय फॉर्मेट में संदेश भेजकर बुकिंग की जा सकती है। गैस कंपनियों ने इसके लिए अलग-अलग नंबर जारी किए हैं, जहां ‘REFILL’ या ‘LPG’ लिखकर मैसेज भेजते ही बुकिंग दर्ज हो जाती है। यह तरीका खासकर ग्रामीण इलाकों या इंटरनेट की सीमित सुविधा वाले क्षेत्रों में काफी उपयोगी माना जाता है।
मिस्ड कॉल से भी तुरंत दर्ज हो जाती है बुकिंग
कई लोग टाइपिंग या मैसेज भेजने की प्रक्रिया से बचना चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए मिस्ड कॉल वाला विकल्प सबसे आसान है। बस गैस कंपनी के निर्धारित नंबर पर एक मिस्ड कॉल देनी होती है और कुछ ही देर में बुकिंग की पुष्टि का संदेश मोबाइल पर आ जाता है। यह सुविधा खासतौर पर उन उपभोक्ताओं के लिए मददगार है जो जल्दी में होते हैं या तकनीकी प्रक्रिया से ज्यादा परिचित नहीं होते।
पेमेंट दोनों संभव
डिजिटल दौर में कई मोबाइल ऐप भी गैस सिलेंडर बुक करने की सुविधा देते हैं। इन ऐप्स के जरिए उपभोक्ता न केवल बुकिंग कर सकते हैं बल्कि ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं। कई लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यह सुविधा उपलब्ध है। हालांकि एक जरूरी बात यह है कि चाहे आप किसी भी तरीके से बुकिंग करें, हमेशा वही मोबाइल नंबर इस्तेमाल करें जो गैस एजेंसी के रिकॉर्ड में दर्ज हो। इससे बुकिंग प्रक्रिया तेज और बिना किसी परेशानी के पूरी हो जाती है।
Read More : Iran पर अमेरिका के भीषण हमले, 10 दिनों में 5000 ठिकाने तबाह करने का दावा; मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव




