बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर एक बार फिर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भड़क गई हैं। उन्होंने सुशील मोदी को फिर से निशाने पर लिया है। इससे पहले सुशील मोदी की शिकायत पर रोहिणी का ट्विटर अकाउंट 12 घंटे के लिए ब्लॉक कर दिया गया था। लेकिन जब रोक हटी तो रोहिणी पुराने तेवर में फिर से नजर आईं।
रोहिणी ने अब सुशील मोदी को घोर अनैतिक पाप करने वाला कहा है। रोहिणी ने ट्विटर पर लिखा है, ‘क्या घरेलू महिला क्रांति नहीं ला सकती..जिसके मुंह से यह बात निकली…महिला और भारतीय समाज का उपहास और अपमान करने का उसने घोर अनैतिक पाप किया है।’
सुशील मोदी ने क्या कहा था-
दरअसल, सुशील मोदी ने राबडी़ देवी के साथ-साथ लालू प्रसाद पर भी निशाना साधा था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था, ‘घरेलू महिला राबड़ी देवी को सीधे मुख्यमंत्री बनवा कर क्या लालू प्रसाद संसदीय लोकतंत्र की व्यवस्था को दुरुस्त करने की क्रांति कर रहे थे?’
रोहिणी का दूसरा ट्वीट-
रोहिणी अपनी मां राबड़ी देवी पर दिए गए बयान पर इतनी भड़की हुई हैं कि उन्होंने एक के बाद एक दो ट्वीट किए हैं। उन्होंने दूसरे ट्वीट में सुशील मोदी को टारगेट करते हुए लिखा है, ‘आपकी मानसिकता बता रही है घरेलू महिला या महिलाओं के प्रति कैसी आपकी ओछी सोच है? जिसको मां-बहनों का भी सम्मान करने का संस्कार नहीं वह नेता तो क्या इंसान भी कहलाने लायक नहीं! महिलाओं के प्रति इसी घिनौनी सोच के कारण डबल इंजन की सरकार ने बलिका गृह कांड को अंजाम दिया।’