बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और RJD सुप्रीमो लालू यादव अब एक्टिव हो गए हैं। पिछले दिनों उनकी तबीयत खराब थी, लेकिन अब उनकी सेहत बेहतर हुई है। एक ओर जहां वह सोशल मीडिया पर नीतीश सरकार पर हमलावर हैं। वहीं, दूसरी ओर उन्होंने अपने विधायकों से भी मिलना शुरू कर दिया है।शुक्रवार को वे गायघाट के विधायक निरंजन राय और कांटी के विधायक मो. इसराइल मंसूरी से दिल्ली में मिले। हालांकि, दोनों विधायकों ने इसे उनकी तबीयत को लेकर शिष्टाचार मुलाकात बताया। लेकिन राजनीतिक गलियारे में इसकी चर्चा है। इधर, JDU ने विधायकों से मीटिंग पर तंज कसते हुए कहा- कोरोना काल में बिना मास्क के मिलना कोरोना प्रोटोकॉल के खिलाफ है।लालू यादव ने RJD के दोनों विधायकों के साथ अपनी फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी थी। दोनों विधायक राबड़ी देवी के साथ भी नजर आए। गौरतलब है कि राबड़ी देवी दिल्ली में उस समय से हैं, जब से लालू यादव रांची से दिल्ली AIIMS शिफ्ट हुए थे।
उनकी तबीयत पहले से बेहतर- RJD के दोनों विधायकों ने मुलाकात में क्या बात हुई, यह तो नहीं बताया। बस इतना बताया कि उन्होंने सिर्फ उनकी तबीयत के बारे में बात की और वे पहले से बेहतर हैं। लेकिन, जब बिहार के विधायक अपने सुप्रीमो से मिलेंगे तो सिर्फ हालचाल हो, यह तो हो नहीं सकता है।