Kolkata News : पश्चिम बंगाल की राजनीति में गुरुवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता के साल्टलेक सेक्टर-5 स्थित I-PAC कार्यालय पर छापामारी शुरू की। यह वही I-PAC है, जो राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनावी रणनीति और राजनीतिक प्रबंधन का काम करती रही है। ईडी की यह कार्रवाई सुबह से जारी रही, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। एजेंसी की मौजूदगी के चलते दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी दिल्ली से आई ईडी की विशेष टीम द्वारा की गई। जांच का दायरा कथित कोयला घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी सिलसिले में I-PAC के मालिक प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित लाउडन स्ट्रीट कार्यालय पर भी एक साथ कार्रवाई की गई।
Kolkata में ED की कार्रवाई
ईडी की कार्रवाई की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद I-PAC के दफ्तर पहुंच गईं। खास बात यह रही कि उनके पहुंचने से कुछ ही मिनट पहले कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी मौके पर नजर आए। I-PAC दफ्तर में कुछ समय रुकने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फाइलें और एक लैपटॉप अपने साथ लेकर बाहर निकलीं। बाहर मौजूद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्रीय एजेंसी ऐसे कार्यालय में छापा मार रही है, जहां पार्टी की रणनीति, गोपनीय दस्तावेज और उम्मीदवारों से जुड़ी जानकारियां रखी जाती हैं।
केंद्र सरकार और अमित शाह पर हमला
ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई को लेकर भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के दुरुपयोग के जरिए विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि क्या कभी भाजपा के किसी पार्टी कार्यालय पर भी इस तरह की एजेंसी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि एक ओर मतदाता सूची से नाम हटाने की बातें सामने आ रही हैं और दूसरी ओर राजनीतिक दलों के संवेदनशील डेटा तक पहुंचने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक करार दिया और कहा कि वह किसी भी कीमत पर पार्टी की गोपनीय जानकारी को गलत हाथों में नहीं जाने देंगी।
High drama in Kolkata: Mamata vs ED as agency searches IPAC offices, Bengal CM blames HM Shah calls him “Nasty”
Read @ANI story | https://t.co/3l4J7eucFz#Mamata #ED #IPAC #Bengal #AmitShah pic.twitter.com/5vUJcKtipP
— ANI Digital (@ani_digital) January 8, 2026
कौन हैं प्रतीक जैन और I-PAC की भूमिका
प्रतीक जैन I-PAC साल्टलेक कंपनी के प्रमुख हैं। I-PAC ने 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। मौजूदा समय में भी यह संस्था राज्य में सत्ताधारी पार्टी के लिए चुनावी रणनीति, जनसंपर्क और विपक्षी हमलों का जवाब तैयार करने का काम कर रही है। ऐसे में ईडी की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में बंगाल की राजनीति को और गर्मा सकती है।
Read More : Kirti Azad पर लोकसभा में ई-सिगरेट पीने का आरोप, फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया वीडियो फुटेज





