Khesari Lal Yadav : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा सीट उस वक्त राष्ट्रीय सुर्खियों में आ गई थी, जब भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को आरजेडी ने मैदान में उतारा। एक अभिनेता का सीधा राजनीति में उतरना, वह भी हॉट सीट से, लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। चुनाव से पहले ही यह सीट चर्चा का केंद्र बन चुकी थी। बता दें कि खेसारी लाल यादव के लिए चुनाव प्रचार किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। उनके समर्थन में तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव जैसे बड़े नेता भी मैदान में उतरे। रोड शो, जनसभाएं और सोशल मीडिया कैंपेन ने छपरा में माहौल गरमा दिया। समर्थकों को लगने लगा था कि यह मुकाबला इतिहास रच सकता है।
हालांकि, चुनाव परिणाम आते ही तस्वीर एकदम से पलट गई। छपरा सीट से एनडीए उम्मीदवार छोटी कुमारी ने खेसारी लाल यादव को करीब 8 हजार वोटों से शिकस्त दी। जिस सीट पर कांटे की टक्कर की उम्मीद थी, वहां हार ने खेसारी के समर्थकों को झटका दिया। यह सीट चुनाव की सबसे चर्चित हारों में गिनी जाने लगी।
Khesari Lal Yadav
नतीजों के बाद खेसारी लाल यादव ने छपरा की जनता का धन्यवाद किया और साफ कहा कि वह राजनीति के लिए बने नहीं हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनता का फैसला सिर आंखों पर है। उस वक्त यह बयान शांत और संयमित माना गया, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। अब हार के कुछ समय बाद खेसारी लाल यादव का एक पुराना वीडियो फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में वह कहते नजर आते हैं कि उन्हें राजनीति करनी नहीं आती और न ही वह राजनीति में आना चाहते थे। हालात ऐसे बने कि चुनाव लड़ना पड़ा और इस सफर में यह भी समझ आया कि कौन अपना है और कौन नहीं।
EVM पर उठाए सवाल
वीडियो में खेसारी का सबसे चर्चित बयान यह रहा कि आदमी से कोई भी जीत सकता है, लेकिन मशीन से नहीं। इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। समर्थक इसे भावनात्मक प्रतिक्रिया बता रहे हैं, जबकि आलोचक इसे हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाने की कोशिश मान रहे हैं। खेसारी लाल यादव की इस हार और बयानबाजी के बाद यह सवाल तेज हो गया है कि क्या वह आगे भी राजनीति में रहेंगे या पूरी तरह अभिनय की दुनिया में लौट जाएंगे। फिलहाल, इतना तय माना जा रहा है कि छपरा की यह हार और उससे जुड़ा यह वायरल बयान लंबे समय तक सियासी चर्चाओं में बना रहेगा।
Read More : Ration Card लाभार्थी 31 दिसंबर से पहले पूरा कर लें ये जरूरी काम, वरना भुगतना पड़ेगा नुकसान





