Ishan Kishan : टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की निजी जिंदगी अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। करीब छह साल तक चले रिश्ते के बाद उन्होंने शादी का फैसला कर लिया है। परिवार की ओर से भी इस रिश्ते को पूरी स्वीकृति मिल चुकी है। बताया जा रहा है कि साल के आखिर तक या फिर 2027 में शादी हो सकती है। क्रिकेट कैलेंडर को देखते हुए तारीख तय की जाएगी। घर में इस खबर से उत्साह का माहौल है और तैयारियों को लेकर शुरुआती चर्चा शुरू हो चुकी है।
औरंगाबाद में रहने वाले उनके दादा अनुराग पांडेय ने इस रिश्ते को सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने पोते से कहा था कि बहू का चेहरा देखे बिना इस दुनिया से नहीं जाना चाहते।
Ishan Kishan की शादी तय!
इसी बातचीत में ईशान ने अदिति का जिक्र किया। दादा ने साफ शब्दों में कहा कि पोते की पसंद ही उनकी पसंद है। परिवार ने बिना किसी शर्त के रिश्ते को स्वीकार किया और अब दोनों परिवारों के बीच बातचीत नियमित रूप से हो रही है। दोनों की नजदीकियों की चर्चा 2019 के Indian Premier League के दौरान शुरू हुई थी। मैच के दौरान स्टैंड में अदिति की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हुईं, लेकिन लंबे समय तक दोनों ने चुप्पी साधे रखी। करीबी लोगों को रिश्ते की जानकारी थी, पर अब यह बात खुलकर सामने आ चुकी है।
विदेश दौरे पर साथ दिखी झलक
पिछले साल वेस्टइंडीज दौरे के दौरान अदिति वहां पहुंचीं और दोनों ने साथ समय बिताया। 18 जुलाई को जन्मदिन भी साथ मनाया गया, जिससे रिश्ते की गंभीरता साफ हो गई। दिल्ली समेत कई मैचों में अदिति की मौजूदगी देखी गई। परिवार को तभी भरोसा हो गया था कि बात दोस्ती से आगे बढ़ चुकी है।
कौन हैं अदिति हुंडिया?
जयपुर की रहने वाली अदिति हुंडिया मॉडलिंग जगत का चर्चित नाम हैं। वह मिस डीवा 2018 का खिताब जीत चुकी हैं और फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में फाइनलिस्ट भी रहीं। कॉलेज के दिनों से उन्होंने मॉडलिंग को करियर बनाया। उनके पिता जयपुर में कारोबारी हैं और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य विवाह समारोह जयपुर में आयोजित हो सकता है, जबकि पटना या पैतृक गांव में रिसेप्शन की योजना है। ईशान ने मजाक में कहा था कि बारात फ्लाइट से जाएगी। परिवार इंटरकास्ट शादी को लेकर पूरी तरह सहज है। दादा का कहना है कि बच्चों की खुशी सबसे अहम है। अब फैंस को क्रिकेट और ग्लैमर की इस जोड़ी की शादी का इंतजार है।





