Iran : अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान में हुए एक बड़े धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। यह वीडियो सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। हालांकि ट्रंप ने वीडियो के साथ कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमाका ईरान के Isfahan शहर में हुआ। वीडियो में लगातार कई धमाके होते दिख रहे हैं, जिसके बाद आग की लपटों ने आसमान को रोशन कर दिया। बताया जा रहा है कि यह हमला किसी बड़े सैन्य ठिकाने पर हुआ।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह हमला एक बड़े गोला-बारूद डिपो पर किया गया। कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इसमें अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Iran में जोरदार धमाका
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले में 2,000 पाउंड के ‘बंकर बस्टर’ बमों का इस्तेमाल किया गया। ये बम जमीन के अंदर बने ठिकानों को नष्ट करने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। धमाकों के बाद इलाके में तेज शॉकवेव्स भी महसूस की गईं। इस्फहान ईरान का अहम शहर है, जहां सैन्य और औद्योगिक ठिकाने मौजूद हैं। यहां बदर मिलिट्री एयरबेस भी स्थित है। ऐसे में इस जगह पर हमला होना रणनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यूरेनियम भंडार को लेकर चर्चा
हाल की रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि ईरान ने अपने समृद्ध यूरेनियम का बड़ा हिस्सा इस्फहान के एक भूमिगत केंद्र में शिफ्ट किया था। ऐसे में इस हमले को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। यह पहली बार नहीं है जब इस्फहान पर हमला हुआ है। इससे पहले भी एक सैन्य अभियान के तहत इस शहर की परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाया गया था। उस समय भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसको लेकर काफी चर्चा हुई थी। इस घटना के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका है। अगर हमले की पुष्टि होती है, तो इसका असर वैश्विक राजनीति और सुरक्षा पर भी पड़ सकता है। फिलहाल, सभी देश स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Read More : Airlines को राहत देने के लिए ATF टैक्स घटाने पर विचार




