Iran-Israel War : मध्य पूर्व में जारी जंग अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। 27वें दिन इजरायल ने ईरान के इस्फहान शहर के आसपास बड़े पैमाने पर हमले किए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन हमलों का फोकस सैन्य ठिकानों और रक्षा से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहा। सुबह-सुबह कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस बीच अमेरिका ने दावा किया है कि जंग शुरू होने के बाद से अब तक ईरान के करीब 10 हजार ठिकानों पर हमले किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, अमेरिकी सेना का कहना है कि ईरान की नौसैनिक क्षमता को भी बड़ा झटका लगा है और उसके लगभग 92 फीसदी जहाज नष्ट कर दिए गए हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
Iran-Israel War
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस्फहान में मौजूद एयरबेस और हथियार निर्माण से जुड़ी कई साइट्स को नुकसान पहुंचा है। फार्स न्यूज एजेंसी ने हमलों की पुष्टि की है, लेकिन नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि दो रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचा, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है। जंग अब सिर्फ दो देशों तक सीमित नहीं रही। पिछले 24 घंटों में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के देशों पर भी हमले तेज कर दिए हैं। कुवैत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई, जिसे बुझाने की कोशिश जारी है। बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात में भी सायरन की आवाजें सुनी गईं, जबकि सऊदी अरब ने कई ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने का दावा किया है।
गल्फ क्षेत्र में बढ़ा खतरा
लगातार हो रहे इन हमलों से पूरे गल्फ इलाके में डर का माहौल है। कई जगहों पर एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन कुछ ड्रोन बचकर संवेदनशील ठिकानों तक पहुंच जा रहे हैं। खासतौर पर तेल और ईंधन से जुड़ी सुविधाएं निशाने पर हैं, जिससे आर्थिक नुकसान का खतरा भी बढ़ गया है। कुवैत एयरपोर्ट की आग ने हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया है। जंग के बीच बातचीत की अटकलें भी तेज थीं, खासकर पाकिस्तान को लेकर। मीडिया में दावा किया जा रहा था कि यहां मध्यस्थता की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन अमेरिका ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरान ने भी साफ कर दिया कि फिलहाल किसी तरह की औपचारिक बातचीत नहीं चल रही है। ऐसे में हालात जल्द सामान्य होने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे।
Read More : Texas की रिफाइनरी में जोरदार धमाका, आसमान में छाया काला धुआं




