Iran News : मिडिल ईस्ट में पहले से जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। शनिवार सुबह आए इस भूकंप ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी। हाल के दिनों में लगातार हो रहे सैन्य हमलों और अस्थिर माहौल के बीच जब धरती हिली तो लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल जरूर पैदा कर दिया।
अमेरिकी एजेंसी United States Geological Survey के मुताबिक यह भूकंप सुबह करीब 8:48 बजे (भारतीय समय) दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र Bandar Abbas से करीब 74 किलोमीटर पश्चिम में बताया गया है।
Iran में फिर कांपी धरती
रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई, जबकि भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। वैज्ञानिकों के अनुसार इतनी तीव्रता का भूकंप सामान्य तौर पर हल्का माना जाता है, लेकिन अस्थिर हालात में इसका असर लोगों की मानसिक स्थिति पर ज्यादा पड़ता है। भूकंप का झटका लगते ही कई इलाकों में लोग अचानक घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक कुछ सेकंड तक जमीन हिलने का एहसास हुआ, जिसके बाद लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते दिखे। कई जगहों पर लोग खुले मैदानों और सड़कों पर जमा हो गए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी आया था भूकंप
ईरान में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले इसी सप्ताह मंगलवार को भी देश के दक्षिणी हिस्से में भूकंप दर्ज किया गया था। उस समय रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई थी। यह भूकंप Gerash के आसपास महसूस किया गया था, जो Fars Province के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित है। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताया गया था।
हलचल से बढ़ी चिंता
लगातार आ रहे भूकंप के झटकों ने स्थानीय प्रशासन और वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां समय-समय पर ऐसे झटके महसूस होते रहते हैं। हालांकि, मौजूदा क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा हालात के कारण हर छोटी घटना भी लोगों के बीच बड़ी चिंता का कारण बन रही है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
Read More : America: एरिजोना के नॉर्थ फीनिक्स में कम्यूटर प्लेन क्रैश




