IPL 2026 : आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को भले ही अपनी पहली जीत मिल गई हो, लेकिन टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए यह मैच पूरी तरह राहत भरा नहीं रहा। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला जीतने के बावजूद बीसीसीआई ने उन पर भारी जुर्माना लगा दिया है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर लीग में नियमों को लेकर सख्ती साफ नजर आ रही है। बीसीसीआई ने ऋतुराज गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
यह फाइन टीम के धीमे ओवर रेट की वजह से लगाया गया। चेन्नई सुपर किंग्स ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं किए थे, जो नियमों का उल्लंघन माना जाता है।
IPL में सख्ती
आईपीएल की आचार संहिता के अनुसार यह चेन्नई सुपर किंग्स का इस सीजन का पहला ओवर-रेट से जुड़ा अपराध था। कोड ऑफ कंडक्ट के नियम 2.22 के तहत इस तरह की गलती पर कप्तान पर न्यूनतम जुर्माना लगाया जाता है। इसी नियम के तहत गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का फाइन लगाया गया। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मुकाबले से पहले लगातार तीन मैच गंवाए थे। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत टीम के लिए काफी अहम थी। इस जीत के साथ जुर्माने की खबर ने टीम के जश्न को थोड़ा फीका जरूर कर दिया।
BCCI के निशाने पर नीतीश राणा
इस मैच में सिर्फ गायकवाड़ ही नहीं, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा भी बीसीसीआई की कार्रवाई से नहीं बच सके। मैच के दौरान मैदान पर उनके व्यवहार को लेकर उन पर जुर्माना लगाया गया है। दरअसल, मैच के 19वें ओवर में एक विवाद खड़ा हो गया था। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स को अंपायर ने ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं दी। इसी दौरान स्टब्स अपना विकेट गंवा बैठे, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया। इस फैसले से नाराज होकर नीतीश राणा ने मैदान पर अंपायर से बहस शुरू कर दी। उनकी यह नाराजगी साफ तौर पर दिखाई दी और मामला बढ़ता गया। इस तरह का व्यवहार आईपीएल के नियमों के खिलाफ माना जाता है।
मैच फीस का 25% जुर्माना
बीसीसीआई ने नीतीश राणा को आईपीएल आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया। उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है, जो आगे उनके लिए परेशानी बढ़ा सकता है। नीतीश राणा को अनुच्छेद 2.3 के तहत दोषी माना गया, जो मैच के दौरान अभद्र भाषा या अपशब्दों के इस्तेमाल से जुड़ा है। बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि मैदान पर अनुशासन से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
Read More : KKR vs LSG: ऋषभ पंत हुए मुकुल चौधरी की पारी से घायल





