IPL Auction 2026 : आईपीएल 2026 के ऑक्शन में जब इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज लियम लिविंगस्टन का नाम गूंजा, तो माहौल अचानक गर्म हो गया। पहले राउंड में अनसोल्ड रहने वाला यह खिलाड़ी दूसरे मौके में ऑक्शन का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया। देखते ही देखते कई फ्रेंचाइजियां बोली की रेस में कूद पड़ीं और आखिरकार सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपये की भारी रकम देकर उन्हें अपने खेमे में शामिल कर लिया। लिविंगस्टन का नाम जब दोबारा पुकारा गया, तो कहानी पूरी तरह बदल चुकी थी।
केकेआर ने शुरुआती बोली लगाई, गुजरात ने बीच में एंट्री मारी, लेकिन असली मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुआ। हर बढ़ती बोली के साथ ऑक्शन टेबल पर तनाव साफ दिखने लगा। लखनऊ 12.8 करोड़ तक गया, लेकिन आखिरी दांव काव्या मारन की टीम ने खेला और 13 करोड़ में सौदा पक्का कर लिया।
IPL Auction: काव्या मारन की खुली तिजोरी
सनराइजर्स हैदराबाद की मालिक काव्या मारन इस ऑक्शन में बेहद आक्रामक नजर आईं। टीम को एक ऐसे खिलाड़ी की तलाश थी जो मिडिल ऑर्डर को ताकत दे सके और जरूरत पड़ने पर मैच को अकेले पलट सके। लिविंगस्टन पर मोटी रकम खर्च कर हैदराबाद ने साफ संकेत दे दिया कि वह अगले सीजन में खिताब की दौड़ में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। पिछले सीजन लिविंगस्टन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे और टीम ने खिताब भी जीता था, लेकिन उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। 8 पारियों में उन्होंने सिर्फ 112 रन बनाए और औसत 16 के आसपास रहा। ऑक्शन में मिली भारी कीमत ने साबित कर दिया कि फ्रेंचाइजियां आंकड़ों से ज्यादा खिलाड़ी की क्षमता और प्रभाव को महत्व देती हैं।
क्यों है लिविंगस्टन इतना खास?
लिविंगस्टन को टी20 क्रिकेट का खतरनाक फिनिशर माना जाता है। वह नंबर चार से लेकर छह तक कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं और कुछ ही गेंदों में मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं। इसके अलावा उनकी गेंदबाजी भी टीम के लिए बोनस है। लेग स्पिन और ऑफ स्पिन, दोनों पर उनकी पकड़ है।
दुनियाभर की टी20 लीग्स में लिविंगस्टन का अनुभव उन्हें और खतरनाक बनाता है। 330 से ज्यादा टी20 मैचों में उन्होंने करीब 7500 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 145 के आसपास है, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है। गेंदबाजी में भी 143 विकेट उनके नाम हैं और इकॉनमी 8.4 की है।
IPL में अब तक का सफर
आईपीएल करियर में लिविंगस्टन 49 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 158 से ऊपर रहा है। सात अर्धशतक इस बात का सबूत हैं कि वह बड़े मंच पर भी मैच जिताने की काबिलियत रखते हैं।
Read More : Supriya Sule ने EVM पर सवाल उठाने वालों का किया विरोध, कही ये बातें




