Indore News : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शहर के बृजेश्वरी एनेक्स इलाके में स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या सात बताई जा रही थी, लेकिन बाद में रेस्क्यू के दौरान एक और शव मिलने से यह आंकड़ा बढ़ गया। इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्ज हो रही थी।
इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट पर जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग कार से होते हुए पूरे घर में फैल गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही मकान लपटों में घिर चुका था।
Indore में आग लगने से मचा हड़कंप
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस मकान में आग लगी, वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि घर के अंदर 10 से ज्यादा सिलेंडर मौजूद थे। आग फैलने के बाद इनमें से कुछ सिलेंडरों में भी धमाके हो गए, जिससे हालात और भयावह हो गए। इसके अलावा घर में कुछ ज्वलनशील केमिकल भी रखे थे, जो आग फैलने की एक बड़ी वजह बने। यह मकान मनोज पुगलिया का बताया जा रहा है, जो पॉलीमर के कारोबार से जुड़े थे।
पड़ोसियों ने की आग बुझाने की कोशिश
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक चीख-पुकार की आवाज सुनकर वे अपने घरों से बाहर निकले। बाहर आकर देखा तो मकान से धुआं और आग की लपटें उठ रही थीं। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक पड़ोसी खुद बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग बहुत तेजी से पूरे मकान में फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लंबे समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए लोगों के नाम सौरभ, सुनिता और सोनिल बताए जा रहे हैं।
कॉलोनी में पसरा मातम
मृतकों में मनोज पुगलिया, सिमरन, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि और छोटू सेठिया के नाम सामने आए हैं। बाकी दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक ही घर में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग और रिश्तेदार सदमे में हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर इतनी बड़ी त्रासदी कैसे हुई।
Read More : Donald Trump जल्द करेंगे जीत का एलान, ईरान के कदम पर नजर!




