India News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में जल्द ही देश का सबसे ऊंचा ताज होटल बनने जा रहा है। रियल एस्टेट कंपनी Gulshan Group ने इसके लिए Indian Hotels Company Limited (टाटा ग्रुप की हॉस्पिटैलिटी कंपनी) के साथ साझेदारी की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में करीब 1000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। प्रोजेक्ट के जरिए नोएडा को एक नया लक्जरी लैंडमार्क मिलने की उम्मीद है, जो शहर की पहचान को और मजबूत करेगा।
यह भव्य होटल Noida के सेक्टर-129 में Noida Expressway के किनारे बनाया जाएगा। कंपनी के मुताबिक परियोजना को पूरा होने में लगभग पांच साल का समय लग सकता है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चला तो आने वाले समय में यही इमारत देश का सबसे ऊंचा ताज होटल बनकर सामने आएगी।
India के इस शहर में बनेगा सबसे ऊंचा ताज होटल
प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ होटल ही नहीं बल्कि ताज ब्रांड के सर्विस अपार्टमेंट भी होंगे। करीब 57 मंजिल ऊंची इस इमारत में 150 होटल रूम और 74 ब्रांडेड अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रीमियम सुविधाओं से लैस आवासीय स्पेस भी विकसित किया जाएगा, जिससे यह प्रोजेक्ट सिर्फ होटल नहीं बल्कि एक हाई-एंड लाइफस्टाइल डेस्टिनेशन बन सके। कंपनी का कहना है कि ताज ब्रांडेड सर्विस अपार्टमेंट लगभग 7500 स्क्वायर फीट के बड़े क्षेत्र में विकसित किए जाएंगे। यह चेन्नई के बाद देश का दूसरा ऐसा प्रोजेक्ट होगा, जहां ताज ब्रांड के तहत लग्जरी रेजिडेंशियल अपार्टमेंट तैयार किए जा रहे हैं। रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि इससे प्रीमियम हाउसिंग सेगमेंट को नई दिशा मिल सकती है।
2000 करोड़ तक के रेवेन्यू की उम्मीद
डेवलपर्स के मुताबिक, इस पूरे प्रोजेक्ट से करीब 2000 करोड़ रुपये तक का रेवेन्यू मिलने की संभावना है। Gulshan Nagpal ने कहा कि यह निवेश कंपनी के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक होगा और इसे आधुनिक डिजाइन व सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। वहीं, Puneet Chhatwal का कहना है कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ शहरी क्षेत्रों में लक्जरी होटल और ब्रांडेड रेजिडेंस की मांग तेजी से बढ़ रही है। उनके अनुसार यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट के लिए नया मानक तय कर सकती है।
बताया जा रहा है कि Gulshan Group पहले ही दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 10 से ज्यादा हाउसिंग और कमर्शियल प्रोजेक्ट विकसित कर चुका है। अब ताज होटल जैसे बड़े प्रोजेक्ट के साथ कंपनी इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी में है। आने वाले वर्षों में यह प्रोजेक्ट नोएडा के स्काईलाइन को पूरी तरह बदल सकता है।
Read More : India के इस शहर में शुरू हुआ NCR का पहला LPG ATM, पढ़ें




