Home » स्पोर्ट्स » India-Bangladesh क्रिकेट रिश्तों में पिघलन, बोर्ड में बदलाव के साथ नए दौर की आहट

India-Bangladesh क्रिकेट रिश्तों में पिघलन, बोर्ड में बदलाव के साथ नए दौर की आहट

India-Bangladesh
India-Bangladesh

India-Bangladesh : भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के महीनों में तनावपूर्ण रहे क्रिकेट संबंध अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटते दिख रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और नई सरकार दोनों ही भारत के साथ रिश्ते सुधारने के पक्ष में नजर आ रहे हैं। ढाका में अब यह साफ संदेश दिया जा रहा है कि क्रिकेट को दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने का जरिया बनाया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, बीसीबी के अंदर बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। मौजूदा अध्यक्ष अनीमुल इस्लाम ‘बुलबुल’ के कार्यकाल में भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में खटास आई थी। अब बोर्ड के भीतर उनकी पकड़ कमजोर होती दिख रही है।

India-Bangladesh

हाल के दिनों में कई निदेशकों के इस्तीफे से यह संकेत मिला है कि एक नया गुट उभर रहा है, जो भारत के साथ बेहतर संबंधों का समर्थक माना जा रहा है। बीसीबी के नेतृत्व में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पूर्व कप्तान तमीम इकबाल का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि उन्हें बोर्ड में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके अलावा भी कुछ अन्य नामों पर विचार किया जा रहा है। बोर्ड के भीतर यह राय बन रही है कि पिछले फैसलों ने क्रिकेट को नुकसान पहुंचाया और अब सुधार की जरूरत है।

राजनीतिक फैसलों का असर

बीसीबी के कई वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि पिछली सरकार के दौरान लिए गए कुछ फैसले राजनीतिक रूप से प्रभावित थे। इन फैसलों का असर सिर्फ बांग्लादेश क्रिकेट पर ही नहीं पड़ा, बल्कि भारत के साथ रिश्तों में भी दूरी बढ़ी। अब नई सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए सक्रिय हो गई है और हर स्तर पर सुधार की कोशिशें तेज हो गई हैं। हाल ही में आईपीएल से जुड़े मुद्दे पर अरुण धूमल के बयान को बीसीबी ने सकारात्मक संकेत के तौर पर लिया है। इससे दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत का माहौल बेहतर हुआ है। अब दोनों देशों के बीच फिर से क्रिकेट कूटनीति को मजबूत करने की दिशा में काम शुरू हो गया है।

भारत के दौरे की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, भारतीय टीम अगस्त में बांग्लादेश का दौरा कर सकती है। इस दौरे में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने की संभावना है। बीसीबी ने इस संबंध में बीसीसीआई को प्रस्ताव भी भेजा है। उम्मीद है कि मई तक इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान का भारत दौरा भी प्रस्तावित है। इस दौरान क्रिकेट संबंधों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। यह बैठक दोनों देशों के बीच भविष्य की सीरीज और सहयोग के नए रास्ते खोल सकती है।

बांग्लादेश को 2027 एशिया कप की मेजबानी मिलने की संभावना है, जो वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी बांग्लादेश को अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी देने पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है, तो यह देश के लिए बड़ी उपलब्धि होगी और भारत-बांग्लादेश क्रिकेट रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।

Read More : IPL 2026: केकेआर की लगातार दूसरी हार, अजिंक्य रहाणे बोले

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?