Hormuz Strait : अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की डेडलाइन नजदीक आते ही हालात फिर संवेदनशील होते दिख रहे हैं। खासतौर पर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है, जो दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक माना जाता है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी ने स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए नई शर्तें लागू कर दी हैं। अब किसी भी जहाज को यहां से गुजरने के लिए पहले IRGC नेवी से अनुमति लेनी होगी। बिना इजाजत आने-जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नई व्यवस्था के तहत, नागरिक जहाजों को सिर्फ तय किए गए समुद्री रास्तों से गुजरने की अनुमति दी गई है। वहीं सैन्य जहाजों के लिए अभी भी इस मार्ग पर रोक बनी हुई है। ईरान ने साफ किया है कि नियमों का पालन नहीं हुआ तो स्ट्रेट को फिर से बंद किया जा सकता है।
Hormuz स्ट्रेट पर बढ़ी टेंशन
IRGC ने इन नियमों को ‘नई व्यवस्था’ बताया है और कहा है कि यह सीजफायर समझौते के तहत लागू किए गए हैं। हालांकि, इससे पहले दिए गए बयानों में इतनी सख्ती का जिक्र नहीं था, जिससे अब स्थिति को लेकर भ्रम भी पैदा हो गया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पहले कहा था कि संघर्ष-विराम के दौरान सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए रास्ता पूरी तरह खुला रहेगा। उन्होंने यह भी बताया था कि जहाज तय किए गए मार्ग से सुरक्षित रूप से गुजर सकते हैं।
सरकारी मीडिया ने भी उठाए सवाल
ईरान के सरकारी मीडिया संस्थानों ने भी इस बयान पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अराघची की घोषणा पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी और इससे अनावश्यक भ्रम पैदा हुआ। कुछ रिपोर्ट्स में इसे अधूरा और गलत तरीके से पेश किया गया बताया गया। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला है। उन्होंने ईरान की घोषणा का हवाला देते हुए कहा कि अब यहां से आवाजाही सामान्य हो गई है। होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल आपूर्ति का सबसे बड़ा रास्ता है। यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर सीधे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ता है इसलिए इस क्षेत्र में बढ़ती तनातनी पर पूरी दुनिया की नजर बनी रहती है।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर हालात अभी पूरी तरह साफ नहीं हैं। एक तरफ ईरान नई शर्तों की बात कर रहा है, तो दूसरी तरफ अमेरिका इसे खुला बता रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
Read More : AI फोटो को लेकर फिर विवादों में ट्रंप, बढ़ाई सियासी बहस





