Holi DA Hike : रंगों के त्योहार होली से पहले केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत देने की तैयारी में दिख रही है। संकेत मिल रहे हैं कि महंगाई भत्ते (DA) में इजाफे का ऐलान जल्द किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो इसका सीधा फायदा फरवरी की सैलरी में दिखेगा और जनवरी महीने का एरियर भी खाते में आ सकता है। यह संशोधन 7वें वेतन आयोग के तहत ही किया जाएगा, क्योंकि अभी 8वां वेतन आयोग लागू नहीं हुआ है।
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार इसमें 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकती है। इस बढ़ोतरी के बाद DA और पेंशनभोगियों को मिलने वाली महंगाई राहत (DR) बेसिक पे का करीब 60 प्रतिशत हो जाएगा।
Holi DA Hike: जनवरी 2026 से लागू हो सकता है फायदा
सूत्रों की मानें तो यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जा सकती है। ऐसे में कर्मचारियों को जनवरी और फरवरी दोनों महीनों का लाभ मिल सकता है। यही वजह है कि होली से पहले इसे लेकर उम्मीदें और चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में मार्च 2026 की शुरुआत में इस प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। खास बात यह है कि यह 31 दिसंबर 2025 को 7वें वेतन आयोग की अवधि खत्म होने के बाद पहली DA बढ़ोतरी मानी जा रही है। मंजूरी मिलते ही कर्मचारियों के खाते में अतिरिक्त रकम आने का रास्ता साफ हो जाएगा।
महंगाई के आंकड़ों पर होता है फैसला
महंगाई भत्ते की अंतिम गणना लेबर ब्यूरो द्वारा जारी किए गए CPI-IW आंकड़ों पर निर्भर करती है। दिसंबर 2025 के लिए यह इंडेक्स 148.2 अंक पर स्थिर रहा है, जो नवंबर के बराबर है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार DA में बढ़ोतरी का प्रतिशत तय करती है। महंगाई भत्ता वेतन का वह हिस्सा होता है, जो बढ़ती महंगाई के असर से कर्मचारियों को राहत देने के लिए दिया जाता है। केंद्र सरकार साल में दो बार जनवरी और जुलाई में DA में संशोधन करती है। यह सीधे बेसिक सैलरी से जुड़ा होता है, इसलिए इसमें बदलाव होते ही कुल वेतन भी बढ़ जाता है।
सैलरी पर कितना पड़ेगा असर
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 1 लाख रुपये है, तो 58 प्रतिशत DA के हिसाब से उसे 58 हजार रुपये मिलते हैं। वहीं, DA 60 प्रतिशत होने पर यह राशि 60 हजार रुपये हो जाएगी। हर महीने करीब 2 हजार रुपये का सीधा फायदा। ऐसे में होली से पहले आने वाली यह संभावित घोषणा लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।
Read More : MP News: समझौते से भारतीय किसानों को नहीं होगा नुकसान, पढ़ें





