Health Tips : अक्सर लोग कहते हैं कि मन की भड़ास निकाल लेने से हल्का महसूस होता है। सच भी है, शिकायत करने के बाद कुछ पल के लिए राहत मिलती है। लेकिन वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो यह आदत धीरे-धीरे दिमाग को उसी दिशा में ढाल देती है। यानी आप जितना ज्यादा नकारात्मक बोलेंगे, आपका दिमाग उतनी ही तेजी से कमियां ढूंढने लगेगा। धीरे-धीरे हालात चाहे सामान्य हों, लेकिन दिमाग खुद-ब-खुद कमी निकालने की आदत पकड़ लेता है। आदतें छोटी दिखती हैं, लेकिन असर गहरा छोड़ती हैं। शिकायत कम करेंगे, तो दिमाग और जिंदगी दोनों हल्की महसूस होंगी।
हमारा मस्तिष्क ऊर्जा बचाने के लिए शॉर्टकट अपनाता है। जब आप बार-बार किसी बात पर नाराजगी जताते हैं, तो दिमाग उन न्यूरॉन्स के बीच कनेक्शन मजबूत करता जाता है जो नकारात्मक सोच से जुड़े हैं। आसान भाषा में कहें तो दिमाग शिकायत करने में एक्सपर्ट हो जाता है।
Health Tips: हर बात पर शिकायत पड़ सकती है भारी
लगातार शिकायत करने से शरीर में स्ट्रेस हार्मोन बढ़ता है। इसका असर दिमाग के उस हिस्से पर पड़ता है जिसे Hippocampus कहा जाता है। यही हिस्सा नई बातें सीखने और याद रखने में मदद करता है। तनाव लंबे समय तक बना रहे तो यह भाग कमजोर पड़ सकता है। इससे फैसले लेने में दिक्कत और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होने लगती है। शिकायत करते समय शरीर ‘फाइट या फ्लाइट’ स्थिति में चला जाता है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव आता है। अगर यह सिलसिला रोजमर्रा का हिस्सा बन जाए तो दिल और इम्यून सिस्टम पर भी दबाव पड़ता है। केवल दिमाग ही नहीं, पूरा शरीर इसकी कीमत चुकाता है।
दूसरों की शिकायतें भी खतरनाक
दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ खुद की शिकायतें ही नहीं, बल्कि दूसरों की नकारात्मक बातें सुनना भी असर डालता है। दिमाग में मौजूद मिरर न्यूरॉन्स सामने वाले की भावनाओं की नकल करने लगते हैं। लगातार शिकायत करने वाले लोगों के बीच बैठना आपकी मानसिक ऊर्जा को चूस सकता है। अगर आप खुद को हर छोटी-बड़ी बात पर नाराज पाते हैं, तो रुककर सोचिए। समस्या गिनाने की जगह समाधान खोजने की आदत डालें। दिन में तीन ऐसी चीजें लिखें जिनके लिए आप आभारी हैं। यह अभ्यास दिमाग को सकारात्मक दिशा में प्रशिक्षित करता है। सबसे जरूरी जैसे ही शिकायत शुरू हो, खुद को टोकें। हर बात पर प्रतिक्रिया जरूरी नहीं होती।
Read More : Agra दीवानी को बम से उड़ाने की धमकी, घंटों चली सघन तलाशी




