Hair Wash Viral Video : सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिनमें लोग रोजमर्रा के काम को आसान बनाने के लिए अजीबोगरीब तरीके आजमाते नजर आते हैं। अब एक लड़की का वीडियो चर्चा में है, जिसमें वह अपने बालों को वॉशिंग मशीन में धोती दिखाई दे रही है। वीडियो में लड़की का दावा है कि इस तरीके से बाल साफ होने के साथ-साथ चमकदार और रेशमी हो जाते हैं। वीडियो देखने के बाद लोग इसे लेकर हैरानी भी जता रहे हैं और तरह-तरह के सवाल पूछ रहे हैं। वीडियो में लड़की सेमी-ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन के पास खड़ी नजर आती है। वह पहले मशीन में पानी भरती है।
इसके बाद उसमें शैम्पू या किसी तरह का क्लींजिंग एजेंट डालती है। फिर अपने लंबे बालों को मशीन के पानी में डाल देती है। मशीन शुरू होते ही पानी के साथ बाल भी घूमने लगते हैं। कुछ देर बाद लड़की बालों को बाहर निकालकर धोती है और कैमरे के सामने उनके चमकदार नजर आने का दावा करती है।
Hair Wash Viral Video
वीडियो सामने आते ही लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने इसे मजेदार और अनोखी ट्रिक बताया, जबकि कई लोग इस बात से हैरान हैं कि कोई अपने बालों को मशीन के अंदर कैसे डाल सकता है। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि अब कपड़े और बाल धोने का काम एक ही मशीन से हो जाएगा। वहीं, कई यूजर्स ने लड़की को इस तरह के प्रयोग से बचने की सलाह दी। विशेषज्ञों के मुताबिक, वॉशिंग मशीन बाल धोने के लिए डिजाइन नहीं की गई है।
मशीन में घूमते समय लंबे बाल आपस में उलझ सकते हैं और खिंचने की वजह से टूट भी सकते हैं। इससे बालों को नुकसान पहुंचने के साथ सिर की त्वचा पर भी चोट लगने का खतरा रहता है। खासतौर पर मशीन के घूमते हिस्सों में बाल फंसने की स्थिति में दुर्घटना हो सकती है।
स्कैल्प को नुकसान
अगर मशीन में कपड़े धोने वाला डिटर्जेंट इस्तेमाल किया गया है तो खतरा और बढ़ सकता है। कपड़े धोने वाले डिटर्जेंट में मौजूद रसायन बालों और स्कैल्प के लिए बने नहीं होते। इनके संपर्क में आने से बाल रूखे हो सकते हैं और स्कैल्प में जलन या खुजली जैसी समस्या हो सकती है। इसलिए केवल वीडियो में बाल चमकदार दिखने के आधार पर इस तरीके को सुरक्षित नहीं माना जा सकता। बालों की सफाई के लिए सामान्य और सुरक्षित तरीका अपनाना बेहतर है। बालों को पानी से अच्छी तरह गीला करने के बाद माइल्ड शैम्पू लगाएं और उंगलियों से धीरे-धीरे स्कैल्प की सफाई करें। इसके बाद पानी से अच्छी तरह शैम्पू निकाल दें। जरूरत के अनुसार कंडीशनर का इस्तेमाल किया जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी हैक को आजमाने से पहले उसकी सुरक्षा जरूर जांचनी चाहिए।
Read More : Haridwar तक पहुंचेगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड में हुआ समझौता; बिजनौर से होकर जाएगा 30 किमी का मार्ग




