Godrej : देश के प्रमुख कारोबारी घरानों में शामिल Godrej Industries Group (GIG) में नेतृत्व परिवर्तन की पटकथा लगभग तैयार है। होल्डिंग कंपनी Godrej Industries ने मौजूदा चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर Nadir Godrej को अप्रैल से अगस्त तक दोबारा नियुक्त करने का विशेष प्रस्ताव रखा है। 75 वर्षीय नादिर अगस्त में औपचारिक रूप से कमान अगली पीढ़ी को सौंपेंगे। इसके बाद Pirojsha Godrej समूह की बागडोर संभालेंगे।
गोदरेज समूह की नींव 1897 में रखी गई थी और पहला उत्पाद एक ताला था। एक सदी से अधिक के सफर में समूह ने उपभोक्ता उत्पादों से लेकर रियल एस्टेट और एग्री-बिजनेस तक मजबूत पहचान बनाई। अब यह बदलाव केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि कारोबारी विरासत को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की कवायद माना जा रहा है।
Godrej समूह में नेतृत्व बदलाव की तैयारी
अप्रैल 2024 में परिवार के भीतर सहमति से समूह का विभाजन हुआ। GIG का संचालन नादिर और आदि गोदरेज की शाखा के पास है, जबकि दूसरी शाखा Godrej Enterprises Group (GEG) संभाल रही है। पिरोजशा फिलहाल GIG में एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरपर्सन हैं और Godrej Properties, Godrej Capital तथा Godrej Fund Management की जिम्मेदारी देख रहे हैं। निसाबा गोदरेज Godrej Consumer Products की चेयरपर्सन हैं, जबकि तान्या दुबाश समूह की ब्रांड रणनीति संभाल रही हैं। नादिर के बेटे बुर्जिस Astec LifeSciences के एमडी हैं और होर्माज्द हाल में Godrej Agrovet से जुड़े हैं।
ग्रोथ पर नजर
GIG का फोकस FMCG, रियल एस्टेट, केमिकल्स, एग्री-बिजनेस, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल एस्टेट प्राइवेट इक्विटी पर है। पिरोजशा को परिणाम आधारित नेतृत्व के लिए जाना जाता है और माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में समूह की कारोबारी रफ्तार तेज हो सकती है।
पांच लिस्टेड कंपनियां
समूह की पांच सूचीबद्ध कंपनियों Godrej Consumer Products, Godrej Properties, Godrej Industries, Godrej Agrovet और Astec LifeSciences की संयुक्त बाजार कीमत करीब ₹2.27 लाख करोड़ आंकी गई है। FY25 में इनका कुल राजस्व ₹53,813 करोड़ और मुनाफा ₹4,529 करोड़ रहा। बंटवारे की घोषणा के बाद बाजार में मिला-जुला रुख दिखा है। कुछ शेयरों में तेजी आई, तो कुछ में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। मई 2024 से अब तक समूह के मार्केट कैप में लगभग ₹16,902 करोड़ की कमी आई है। नेतृत्व परिवर्तन के इस दौर में बाजार की नजर अब इस बात पर है कि नई पीढ़ी समूह को किस दिशा में ले जाती है।
Read More : Croma की ‘Everything Apple Sale’ में iPhone से MacBook तक भारी छूट, एक्सचेंज और बैंक ऑफर से कीमतें और कम




