ED News : देश की सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार तड़के एक बड़ा आपरेशन चलाकर प्रतिबंधित आतंकी संगठन आइसिस से जुड़े एक गुप्त मॉड्यूल पर नकेल कस दी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में एक साथ छापेमारी कर उस नेटवर्क की जांच तेज कर दी है, जो कथित तौर पर आतंकी फंडिंग और नए लोगों की भर्ती जैसे कामों को अंजाम दे रहा था। महाराष्ट्र में कार्रवाई के दौरान एटीएस की टीमों ने ईडी को सुरक्षा मुहैया कराई, जबकि बाकी राज्यों में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहे।
ED की जांच का केंद्र ठाणे जिले का पडघा गांव रहा, जहां से इस मॉड्यूल की गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई। एजेंसी ने पडघा और बोरिवली के अलावा रत्नागिरी जिले और कई बड़े शहरों दिल्ली, कोलकाता व उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में करीब 40 जगह पर तलाशी ली।
ED की एंट्री
दरअसल, ईडी की यह कार्रवाई नवंबर 2023 में एनआईए द्वारा दर्ज मामले पर आधारित है। उस केस में आरोप लगा था कि कुछ युवक आइसिस से प्रेरित अत्यधिक कट्टरपंथी मॉड्यूल चला रहे थे। ये लोग न सिर्फ नई भर्ती कर रहे थे, बल्कि हथियार, विस्फोटक खरीदने और ट्रेनिंग देने के लिए फंड जुटाने में भी सक्रिय थे। एनआईए इस मामले में अब तक 21 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इन पर युवाओं को बरगलाने, आईईडी बनाने की ट्रेनिंग देने और आइसिस की विचारधारा फैलाने का आरोप है।
बनाया अड्डा
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपितों ने ठाणे का पडघा गांव अपना मख्य अड्डा बना लिया था। इसे उन्होंने अल-शाम नाम देकर एक तरह से ‘मुक्त क्षेत्र’ घोषित कर दिया था। उनका मकसद था कि आसानी से प्रभावित होने वाले मुस्लिम युवाओं को यहां बसने के लिए तैयार किया जाए और धीरे-धीरे मॉड्यूल का आधार मजबूत किया जाए। यहां से वे अपनी योजनाएं फैलाना चाहते थे, जिसमें ट्रेनिंग, फंडिंग और भर्ती शामिल थी। हालांकि, जब्त किए गए सामान का विस्तृत ब्योरा जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दस्तावेज और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े सबूत मिले हैं। फिलहाल, एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि फंडिंग का स्रोत कहां-कहां से जुड़ा था और किस नेटवर्क के जरिए पैसे मॉड्यूल तक पहुंच रहे थे।
अलर्ट मोड में एजेंसी
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में देशभर में आतंकी मॉड्यूल पकड़ में आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ज्यादा अलर्ट मोड में हैं। इससे हर किसी के बीच चिंता की लकीरें खींची हुई है कि कौन सी सुबह कहां छापेमापी हो जाए। फिलहाल, जांच टीमें अब मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में हैं और फंडिंग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने पर फोकस कर रही हैं।
Read More : Jio, Airtel, VI, BSNL यूजर्स को 127000 नंबर से मिल रहे SMS; जानें कौन भेज रहा मैसेज?




