Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान को लेकर बड़ा दावा किया है। राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्यों के काफी करीब पहुंच चुका है। ट्रंप के मुताबिक, हालात तेजी से बदल रहे हैं और जल्द ही इस युद्ध को खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि अमेरिका इस समय पहले से ज्यादा मजबूत स्थिति में है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और Israel के साथ मिलकर चलाए जा रहे ऑपरेशन में Iran को भारी नुकसान हुआ है।
उनके अनुसार, ईरान की नौसेना लगभग खत्म हो चुकी है और उसकी वायुसेना भी कमजोर पड़ गई है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि कई बड़े ईरानी नेता मारे जा चुके हैं। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि जरूरत पड़ी तो ईरान को “पाषाण युग” में पहुंचा दिया जाएगा।
Donald Trump ने किया दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ किया कि आने वाले 2-3 हफ्तों में ईरान पर और कड़े हमले किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने मिशन को बहुत जल्द पूरा कर लेगा। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका अपने सहयोगी देशों, खासकर इजरायल, की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर बातचीत सफल नहीं होती है, तो ईरान के बिजली संयंत्रों और अहम ढांचे को निशाना बनाया जा सकता है।
युद्ध को बताया जरूरी कदम
ट्रंप ने इस पूरे अभियान को जरूरी बताते हुए कहा कि यह सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान लंबे समय से आतंक को समर्थन देता रहा है और वह परमाणु हथियार बनाने के करीब पहुंच गया था। ट्रंप ने कहा कि उनकी पहली पसंद कूटनीति थी, लेकिन ईरान ने सभी प्रस्ताव ठुकरा दिए। ऐसे में सैन्य कार्रवाई करना मजबूरी बन गया।
वैश्विक असर पर बयान
तेल की बढ़ती कीमतों पर भी ट्रंप ने ईरान को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ईरान ने तेल टैंकरों पर हमले कर वैश्विक सप्लाई को प्रभावित किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल और गैस उत्पादक है और इस संकट से निपटने में सक्षम है। ट्रंप ने सऊदी अरब, कतर, यूएई, कुवैत और बहरीन जैसे सहयोगी देशों की भूमिका की भी सराहना की।
Read More : Iran ने इजरायल पर किया जोरदार मिसाइल हमला, धमाकों की आवाज





