Dengue-Malaria Alert : बारिश के मौसम में डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ने लगा है। आगरा के संजय प्लेस क्षेत्र में चार साल की बच्ची में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल ठीक है और उसका घर पर ही उपचार चल रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके में सर्वे शुरू किया और लोगों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान 23 घरों में डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा मिला। कूलर की टंकियों, खुले ड्रम और पानी जमा होने वाले अन्य स्थानों पर लार्वा पाया गया। टीम ने इन स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। साथ ही लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की गई।
Dengue-Malaria Alert
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग रोजाना बुखार से पीड़ित मरीजों के करीब 90 नमूनों की जांच करा रहा है। फिलहाल जिले में डेंगू और मलेरिया की स्थिति सामान्य है। जनवरी से अब तक डेंगू के 11 मरीज सामने आए हैं, जिनमें 10 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। मलेरिया के भी 10 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता के अनुसार डेंगू संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर साफ पानी में पनपता है। अचानक तेज बुखार, आंखों और सिर में दर्द के साथ मांसपेशियों तथा जोड़ों में तेज दर्द इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। बुखार होने पर डॉक्टर की सलाह से पैरासिटामॉल ली जा सकती है।
करें ये काम
आराम न मिलने या लक्षण बढ़ने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। डेंगू से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और घर में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई है। गमलों में पानी न ठहरने दें। कूलर की टंकी को नियमित रूप से साफ करें और करीब 3 से 5 दिन में पानी बदलें। आसपास जलभराव होने पर स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दें, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।
Read More : UP में बारिश से नदियां उफान पर, चित्रकूट में रामघाट बंद; प्रयागराज में जलभराव पर हाईकोर्ट सख्त




