Colombo : कोलंबो के मैदान पर भारत ने पाकिस्तान को ऐसा जवाब दिया, जिसकी गूंज देर तक सुनाई देगी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। 61 रन की इस बड़ी जीत के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने मुकाबला पूरी तरह अपने नाम कर लिया। मैच में जहां बल्लेबाजी में एक खिलाड़ी चमका, वहीं गेंदबाजों ने मिलकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी।
भारतीय पारी की रीढ़ बने ईशान किशन। जब बाकी बल्लेबाज पिच पर जूझते नजर आए, तब ईशान ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन ठोक दिए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अगर यह तेजतर्रार बल्लेबाजी न होती तो 175 का आंकड़ा छूना मुश्किल दिख रहा था।
Colombo में भारत का धमाका
सूर्यकुमार यादव ने भले ही 32 रन का योगदान दिया, लेकिन असली कमाल उनकी कप्तानी में दिखा। पिच स्पिन के लिए मददगार मानी जा रही थी, फिर भी उन्होंने शुरुआत तेज गेंदबाजों से कराई। यह फैसला मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। शुरुआती झटकों ने पाकिस्तान को संभलने का मौका ही नहीं दिया। कप्तान की रणनीति ने विरोधी टीम को दबाव में ला दिया।
हार्दिक और बुमराह की शुरुआत
हार्दिक पांड्या भले ही बल्ले से खाता नहीं खोल सके, लेकिन गेंद से उन्होंने अहम भूमिका निभाई। तीन ओवर में 16 रन देकर दो विकेट चटकाए, जिसमें साहिबजादा फरहान का बड़ा विकेट शामिल था। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ही स्पैल में सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेज दिया। दो ओवर में दो विकेट ने पाकिस्तान की नींव हिला दी। अक्षर पटेल बल्ले से योगदान नहीं दे सके, लेकिन गेंद से उन्होंने असर छोड़ा। चार ओवर में 29 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। बाबर आजम और उस्मान खान को आउट कर उन्होंने पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। यह जीत सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि टीम रणनीति और सामूहिक प्रदर्शन की कहानी रही।
Read More : Mahashivratri 2026: महाकाल से काशी तक शिवमय हुआ देश, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब




