CM Yogi Met PM Modi in Delhi : उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति के बाद एक बार फिर सियासी तापमान चढ़ गया है। इसी कड़ी में सप्ताह के पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नए साल में यह दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की बातचीत थी, जो करीब एक घंटे तक चली। इस मुलाकात के बाद से लखनऊ से दिल्ली तक राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच हुई लंबी बातचीत को औपचारिक मुलाकात भर नहीं माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दौरान उत्तर प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई होगी। बैठक के बाद भले ही कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया हो, लेकिन समय और हालात ने अटकलों को और हवा दे दी है।
CM Yogi ने की मुलाकात
हाल ही में पंकज चौधरी को ओबीसी समाज से प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने साफ संकेत दे दिए हैं कि पार्टी सामाजिक संतुलन को नए सिरे से साधने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इसी रणनीति के तहत मंत्रिमंडल फेरबदल में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है, ताकि जातीय और क्षेत्रीय समीकरण मजबूत किए जा सकें। फिलहाल, योगी मंत्रिमंडल में 54 मंत्री शामिल हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। अभी भी छह पद खाली हैं। ऐसे में विस्तार की पूरी गुंजाइश है। जितिन प्रसाद के केंद्र में मंत्री बनने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में रिक्तियां और बढ़ गई हैं, जिन्हें भरना अब जरूरी माना जा रहा है।
2027 चुनाव से पहले भाजपा की बड़ी तैयारी
2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। पार्टी संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर संतुलन बनाने में जुटी है। मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, सामाजिक समीकरण और चुनावी संदेश तीनों को साधने की कोशिश की जा सकती है। सीएम योगी के दिल्ली दौरे के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में कयासों का दौर तेज हो गया है। कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभाग बदले जाने या नए चेहरों को अहम जिम्मेदारी दिए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
आज नई दिल्ली में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आपका पाथेय ‘नए उत्तर प्रदेश’ की विकास यात्रा को और अधिक गति प्रदान करने हेतु सदैव नवीन ऊर्जा का संचार करता है।
अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार… pic.twitter.com/bQmGojpojB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 5, 2026
पार्टी संगठन से भी संवाद
दिल्ली में मुख्यमंत्री का भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मिलने का भी कार्यक्रम बताया जा रहा है। इससे यह साफ है कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय के साथ आगे की रणनीति तय की जा रही है। लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं अब निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ती दिख रही हैं।
Read More : T20 World Cup से पहले न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, चोट से जूझ रहा गेंदबाज; अचानक बिगड़ी तबीयत





