CM Yogi News : उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में सेल्फी और रील बनाने के दौरान हुए हादसों ने चिंता बढ़ा दी है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों और युवाओं के नाम एक खास संदेश जारी किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़ में अपनी जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में माना कि सोशल मीडिया आज के दौर में संचार और अभिव्यक्ति का एक मजबूत माध्यम बन चुका है। इसके जरिए युवा अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं और दुनिया से जुड़ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने चेताया कि इसका गलत इस्तेमाल खतरनाक प्रवृत्तियों को बढ़ावा दे रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
CM योगी का संदेश
सीएम योगी ने विशेष रूप से उन घटनाओं का जिक्र किया, जहां युवा रेलवे ट्रैक, ट्रेन के दरवाजों, ऊंची इमारतों या तेज रफ्तार वाहनों पर स्टंट करते हुए वीडियो बनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के ट्रेंड न केवल खुद के लिए खतरनाक हैं, बल्कि परिवार और करीबियों के सपनों को भी पलभर में खत्म कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को सलाह दी कि वे ‘रील’ और ‘रियल’ जिंदगी के बीच फर्क समझें। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर दिखने वाली चीजें हमेशा सही या सुरक्षित नहीं होतीं। इसलिए किसी भी ट्रेंड को आंख मूंदकर अपनाने के बजाय उसकी वास्तविकता को समझना जरूरी है।
मेरे प्यारे बच्चों,
आज अनेक युवा लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के मोहजाल में पड़कर घरों के अंदर और सड़क पर स्टंट, तेज रफ्तार बाइक एवं कार पर करतब दिखाने, रेलवे ट्रैक पर और ट्रेन के दरवाजों से लटककर वीडियो बनाने, ऊंची इमारतों, पहाड़ों, नदियों, पुलों, एक्सप्रेसवे और यहां तक कि पानी की… pic.twitter.com/FTbzIOmRYv
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 4, 2026
लाइक और फॉलोअर्स का मोह
अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि कई बार अकेलापन, दिखावे की भावना या दूसरों से आगे निकलने की चाह युवाओं को जोखिम उठाने के लिए प्रेरित करती है। ऐसे में जरूरी है कि युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं और सकारात्मक कार्यों के जरिए पहचान बनाएं, न कि खतरनाक स्टंट के जरिए। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों को भी इस मुद्दे पर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों को सही मार्गदर्शन देना बेहद जरूरी है। माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों को सोशल मीडिया का संतुलित और सुरक्षित उपयोग सिखाएं, ताकि वे गलत रास्ते पर न जाएं।
सकारात्मक कंटेंट बनाने पर दिया जोर
अंत में सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे ऐसा कंटेंट बनाएं, जो समाज में सकारात्मकता फैलाए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी रील्स बनाकर भी लोकप्रियता हासिल की जा सकती है। जीवन अनमोल है, इसलिए इसे सिर्फ लाइक और व्यूज के लिए खतरे में डालना समझदारी नहीं है।
Read More : Election Results 2026 को लेकर CM योगी बोले- जनादेश नए भारत के विश्वास का प्रतीक, अखिलेश यादव ने उठाए सवाल





