Kashi Vishwanath Temple : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आध्यात्मिक नगरी वाराणसी पहुंचकर भगवान शिव और बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लिया। रविवार सुबह परिवार के साथ उन्होंने सबसे पहले श्री काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनकी नजर उतारी और भैरवाष्टक के पाठ के साथ काल धागा बांधकर मंगलकामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने रुद्राभिषेक और विशेष पूजा संपन्न कराई। पूजा-अर्चना के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने भगवान शिव से दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। साथ ही पूरे देश में शांति, विकास और समृद्धि बनी रहे, इसके लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि काशी आने वाला हर श्रद्धालु बाबा के दरबार से सकारात्मक ऊर्जा और आशीर्वाद लेकर लौटता है।
Kashi Vishwanath Temple
अपने वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी भाग लिया। पति मनीष गुप्ता के साथ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर करीब 45 मिनट तक वैदिक विधि से पूजा की। आरती के दौरान वह पूरे समय श्रद्धा के साथ हाथ जोड़कर मां गंगा का स्मरण करती रहीं और मंत्रोच्चार के बीच तालियां बजाकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनीं। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी उनका स्वागत किया। गंगा आरती के बाद गंगा सेवा निधि की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पारंपरिक सम्मान किया गया।
आज अपने जन्मदिन पर अनादि, अविनाशी और मोक्षदायिनी काशी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ एवं काशी के कोतवाल श्री काल भैरव के श्रीचरणों में दर्शन-पूजन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।
काशी भारत की सनातन चेतना का शाश्वत प्रकाश है। यहां हर कण में शिव हैं, हर श्वास में भक्ति है और हर पग पर… pic.twitter.com/Niccl2PI3D
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 19, 2026
संस्था के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति-चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर उन्होंने विजिटर बुक में लिखा कि मां गंगा की आरती में शामिल होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है और उन्होंने अपने राज्य सहित पूरे देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
क्रूज यात्रा भी बनी चर्चा का विषय
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा में क्रूज से नौका विहार भी किया और नमो घाट का भ्रमण कर वहां विकसित आधुनिक सुविधाओं तथा स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने घाट पर मौजूद लोगों से बातचीत भी की। हालांकि क्रूज यात्रा के दौरान उनके और साथ मौजूद कुछ लोगों के लाइफ जैकेट नहीं पहनने का मामला चर्चा में रहा। जबकि वाराणसी प्रशासन की ओर से गंगा में नौका विहार के दौरान लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है और नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। वाराणसी यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि काशी विश्वनाथ की नगरी में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।
आनंदवन काशी में संध्या उतरती है, तो लगता है मानो स्वयं देवाधिदेव महादेव की नगरी दीपों की ज्योति में आलोकित हो उठी हो।
दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की दिव्य आरती का साक्षी बनने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। गंगा की अविरल धारा, दीपों की स्वर्णिम आभा, शंखनाद और गूंजता “हर हर महादेव” हर… pic.twitter.com/gYqav74JY9
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 18, 2026
उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के हर नागरिक की ओर से बाबा का आशीर्वाद लेने आई हैं और उनकी कामना है कि भगवान शिव की कृपा पूरे देश पर बनी रहे तथा भारत निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
REad More : UP में मानसून की दमदार वापसी, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में बाढ़ का खतरा





