China Sea Link : चीन ने एक बार फिर दुनिया को हैरान कर दिया है। शेन्जेन–झोंगशान लिंक के अनावरण के साथ ही देश ने समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर में नया इतिहास रच दिया। करीब 28 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 6.8 किलोमीटर की अंडरवॉटर टनल शामिल है, जो इसे साधारण सी लिंक से अलग बनाती है। यह परियोजना केवल दूरी नहीं घटाती, बल्कि सोच और तकनीक की सीमाएं भी तोड़ती है।
इस मेगा प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत है समय की बचत। पहले शेन्जेन से झोंगशान पहुंचने में करीब दो घंटे लगते थे, अब वही सफर महज 20 मिनट में पूरा हो जाता है। इससे ग्रेटर बे एरिया के शहरों के बीच आवाजाही तेज होगी और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
China ने तैयार किया कमाल का सी लिंक
कारोबार, लॉजिस्टिक्स और रोजमर्रा के सफर सब पर इसका सीधा असर पड़ेगा। इस लिंक को समुद्री तूफानों, तेज हवाओं और ऊंची लहरों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। ऊपर से देखने पर यह संरचना समुद्र के ऊपर उड़ती किसी विशाल चिड़िया या पतंग जैसी नजर आती है। मजबूती और खूबसूरती का यह मेल इसे केवल सड़क नहीं, बल्कि एक आर्किटेक्चरल लैंडमार्क बना देता है।
हाई-टेक वेंटिलेशन
अंडरवॉटर टनल को प्रीफैब्रिकेटेड सेक्शन में तैयार कर समुद्र के नीचे जोड़ा गया है। इसके साथ एडवांस्ड वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया है, जिससे सुरंग के भीतर हवा का प्रवाह सुरक्षित बना रहता है। यह तकनीक लंबी दूरी की अंडरसी यात्रा को भी आरामदायक बनाती है। इस कॉरिडोर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट पूरी तरह स्मार्ट है। बिग डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ट्रैफिक फ्लो को रियल टाइम में नियंत्रित किया जाता है। इतना ही नहीं, समुद्र के नीचे बनी सुरंगों की रोजाना जांच के लिए इंटेलिजेंट रोबोट लगाए गए हैं, जो किसी भी गड़बड़ी की तुरंत जानकारी देते हैं।
15 हजार मजदूरों ने किया काम
इस परियोजना को पूरा करने में 14 साल से ज्यादा का वक्त लगा। करीब 15,000 मजदूरों और इंजीनियरों ने मिलकर इसे आकार दिया। 137,000 वर्ग मीटर में फैला यह ढांचा, लिंगडिंगयांग के पानी में स्थित पश्चिमी आर्टिफिशियल आइलैंड के साथ मिलकर एक नया समुद्री लैंडमार्क बन चुका है। पुल, द्वीप, सुरंग और अंडरवॉटर इंटरचेंज से लैस शेन्जेन–झोंगशान लिंक सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि आने वाले दौर के इंफ्रास्ट्रक्चर का संकेत है। यह दिखाता है कि तकनीक, धैर्य और योजना के दम पर समुद्र भी रास्ता दे सकता है।
Read More : UP के कुशीनगर में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में 3 की मौत; 4 घायल





