Bottle Tree Ranch : अक्सर लोग घर में पड़ी पुरानी कांच की बोतलों और लोहे के टुकड़ों को बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाले एक शख्स ने इन्हीं चीजों से कुछ ऐसा बना दिया, जिसे देखने के लिए आज दुनिया भर से पर्यटक पहुंचते हैं। पेशे से सीमेंट वर्कर रहे एल्मर लॉन्ग ने मोजावे रेगिस्तान में कबाड़ की मदद से पेड़ों का अनोखा जंगल तैयार किया था। आज यह जगह एल्मर बॉटल ट्री रेंच के नाम से मशहूर है।
कैलिफोर्निया के ऐतिहासिक हाईवे 66 के किनारे स्थित यह रेंच करीब दो एकड़ में फैला हुआ है। यहां लगभग 200 बॉटल ट्री मौजूद हैं, जिन्हें बनाने के लिए 1000 से अधिक कांच की बोतलों, धातु के पुराने टुकड़ों और दूसरी बेकार वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया। दूर से देखने पर ये किसी रंग-बिरंगे जंगल जैसे दिखाई देते हैं।
Bottle Tree Ranch
एल्मर लॉन्ग ने इन कृत्रिम पेड़ों को बनाने के लिए सबसे पहले धातु के ढांचे तैयार किए। इसके बाद उनकी शाखाओं जैसी संरचनाओं पर अलग-अलग रंग और आकार की कांच की बोतलें लगाईं। धीरे-धीरे उन्होंने कई ऐसे पेड़ तैयार कर दिए। रेगिस्तान की धूप जब इन बोतलों पर पड़ती है, तो इनकी चमक इस जगह को और आकर्षक बना देती है।एल्मर लॉन्ग का वर्ष 2019 में निधन हो गया था। हालांकि, उनके जाने के बाद भी उनकी बनाई कलाकृतियां सुरक्षित हैं। परिवार ने इस अनोखी जगह की देखभाल जारी रखी है। यही वजह है कि सात साल बाद भी पर्यटक इस रेंच को देखने पहुंच रहे हैं। यह जगह अब हाईवे 66 पर यात्रा करने वालों के लिए एक खास आकर्षण बन चुकी है।
100 साल पूरे होने पर दिलचस्पी
साल 2026 में अमेरिका का ऐतिहासिक रूट 66 अपनी 100वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग इस सड़क पर यात्रा कर रहे हैं। एल्मर के बेटे इलियट लॉन्ग के अनुसार, वर्षगांठ के चलते इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। कई लोग खासतौर पर इस ऐतिहासिक यात्रा को पूरा करने के लिए निकल रहे हैं। एल्मर लॉन्ग की बनाई बॉटल ट्री रेंच इस बात का उदाहरण है कि पुरानी और बेकार समझी जाने वाली चीजों को रचनात्मक तरीके से इस्तेमाल करके कुछ नया तैयार किया जा सकता है। जिस जगह पर कभी साधारण कबाड़ मौजूद था, वहां आज रंग-बिरंगी बोतलों से बना अनोखा जंगल लोगों को आकर्षित कर रहा है।
Read More : T20 International: छक्कों के मामले में भारत ने छुआ 2000 का आंकड़ा, जानें कौन सी 5 टीमें हैं सबसे आगे






